![]()
संभल जिले के हयातनगर थाना क्षेत्र के ग्राम एंजरा में रविवार देर रात करीब 11 बजे एक देवर ने अपनी भाभी और बड़े भाई पर हमला कर दिया। आरोपी देवर शराब के नशे में धुत था। इस घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता निधि, जो शिवकुमार की पत्नी हैं, ने आरोप लगाया है कि उसका देवर अशोक पुत्र हेतराम उसे लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। निधि के अनुसार, विरोध करने पर अशोक उसके चरित्र पर झूठे आरोप लगाता था। निधि ने बताया कि अशोक आए दिन शराब पीकर घर आता था और झगड़ा करता था। वह उस पर अनैतिक दबाव बनाता था। जब निधि इसका विरोध करती थी, तो अशोक पूरे गांव और परिवार में उसके चरित्र को लेकर अफवाहें फैलाता था। इस उत्पीड़न से परेशान होकर निधि और उसके पति शिवकुमार ने अपने सास-ससुर से शिकायत करने का फैसला किया। जब वे माता-पिता के पास पहुंचे, तो वहां मौजूद अशोक आगबबूला हो गया। नशे में धुत आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपनी भाभी पर ईंट से हमला कर दिया। पीड़िता ने बताया कि अशोक ने उसके बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा और बेरहमी से मारपीट की। शोर सुनकर पति शिवकुमार बचाने आए, तो आरोपी ने उन्हें भी पीटा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों पति-पत्नी को बचाया। पीड़ित पति-पत्नी ने हयातनगर थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link
