मुख्य बातें

आज 3 अहम बैठकें, नए CM पर अंतिम मुहर: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी आ रहे पटना, 4 बजे एनडीए विधायक दल की होनी है मीटिंग – Patna News

आज 3 अहम बैठकें, नए CM पर अंतिम मुहर:  राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी आ रहे पटना, 4 बजे एनडीए विधायक दल की होनी है मीटिंग – Patna News

बिहार की राजनीति में सत्ता परिवर्तन को लेकर गतिविधियां अपने चरम पर हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में बनने जा रही नई एनडीए सरकार के गठन की रूपरेखा लगभग तय हो चुकी है। आज दिनभर अहम बैठकों का दौर चलेगा, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। सबसे पहले सुबह 10 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विशेष विमान से पटना पहुंचेंगे। इसके बाद 11 बजे शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंचेंगे। दोपहर 2 बजे भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहेंगे। इसी बैठक में विधायक दल के नए नेता का चुनाव किया जाएगा, जो बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे। इसके तुरंत बाद 3 बजे मुख्यमंत्री आवास पर नीतीश कुमार की अध्यक्षता में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। शाम 4 बजे विधानमंडल के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी। इस बैठक में भाजपा विधायक दल के नेता को औपचारिक रूप से एनडीए का नेता चुना जाएगा। इसके बाद वही नेता सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राजभवन जाएंगे। 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण की तैयारी सूत्रों के मुताबिक नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 15 अप्रैल को है। इससे पहले आज मौजूदा कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी, जिसके बाद नीतीश कुमार अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंपेंगे और नई सरकार के गठन का रास्ता साफ करेंगे।
सम्राट चौधरी के आवास पर बैठकों का दौर सरकार गठन को लेकर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आवास पर भी कल दिनभर बैठकों का सिलसिला जारी रहा। जदयू के वरिष्ठ नेता संजय झा और ललन सिंह ने उनसे करीब 40 मिनट तक मुलाकात की थी। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी पहुंचे। इन बैठकों में सरकार के गठन, मंत्रीमंडल की रूपरेखा और सहयोगी दलों की भूमिका पर चर्चा हुई। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मंत्री जमा खान और वरिष्ठ नेता बिजेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सरकार गठन के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की थी। करीब एक घंटे चली इस बैठक में नई सरकार में जदयू की भूमिका और उपमुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन हुआ था। बैठक के बाद मंत्री जमा खान ने संकेत दिया कि 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। प्रशासन भी अलर्ट मोड में वहीं, कल पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन लोकभवन पहुंचे और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर राज्यपाल को जानकारी दी। इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर भी नई सरकार के गठन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि भाजपा विधायक दल का नेता कौन चुना जाएगा। वर्तमान में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं, लेकिन अंतिम फैसला विधायक दल की बैठक में ही होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *