जालोर में कथित पंचायत के फरमान के खिलाफ शादी से एक दिन पहले भाई- बहन थाने पहुंचे।
.
हाथों में मेहंदी और शादी का कार्ड दिखाते हुए कथित पंचायत के पंचों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कहा कि आज उनकी बिंदौरी निकाली जानी थी, लेकिन पंचों के खौंफ के कारण गांव का एक भी आदमी नहीं आया।
इससे शादी की तैयारियों के बीच पूरा घर वीरान पड़ा है। गांव के लोग शादी में आने से डर रहे हैं।
मामला जिले के भीनमाल के भादरड़ा रोड़ का है। दरअसल, वरदाराम पुत्र जुठाराम माली के घर में कल 20 अप्रैल को 2 बेटियों और 21 अप्रैल को पोते की शादी होनी है।
लेकिन परिवार के भतीजे के लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर एक विवाद के कारण कथित पंचायत का बहिष्कार कर दिया है, जिसके कारण लोगों ने परिवार के घर आवाजाही बंद कर दी है।
शादी से एक दिन पहले हुए आयोजन में नहीं पहुंचे लोग, खाली पड़ा टेंट।
कथित पंचों के खिलाफ करवाया था मामला दर्ज दादा वरदाराम माली का आरोप है कि समाज के कथित पंच समरथाराम, दीपाराम, बाबुलाल, जगदीश, सोमताराम, सरदाराराम और मांगीलाल ने कथित रूप से अवैध पंचायत बुलाई थी। इसमें निर्णय लिया कि जो भी गांव का व्यक्ति हमारे(वरदाराम) की शादी में शामिल होगा, उसे समाज से बाहर कर दिया जाएगा और उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
मुकदमा वापस लेने का बना रहे दबाव पीड़ित वरदाराम के परिवार का आरोप है- मामले में पहले से ही पुलिस थाना भीनमाल में मुकदमा दर्ज है, लेकिन इससे नाराज स्वयंभू पंच अब पूरे परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। लगातार धमकियां दे रहे हैं। शादी में गांव के किसी भी व्यक्ति के नहीं आने पर परिवार दहशत में हैं।
इसी कारण ममता कुमारी व डिंपल कुमारी, जिनकी 20 अप्रैल को शादी है। वहीं उनके भाई मदन कुमार की 21 अप्रैल को शादी होनी है, तीनों अपने पिता रमेश कुमार और दादा वरदाराम के साथ भीनमाल थाने पहुंचे और आपबीती सुनाई।
दूल्हा और दुल्हन का कहना है कि हमारी शादी में आने से लोग डर रहे हैं, घर में सन्नाटा छा गया है। उन्होंने पंचों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

शादी में खाली पड़ा पांडाल।
लिव-इन रिलेशनशिप विवाद से शुरू हुआ था मामला 26 अगस्त से परिवार के भतीजे विक्रम कुमार के लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी मामले को आधार बनाते हुए पंचायत ने विक्रम कुमार पर 31 लाख रुपए का जुर्माना लगाया।
उसका सहयोग करने और उसको घर बुलाने पर उसके बहनोई बाबूलाल पर भी 4 लाख रुपए का दंड लगाया गया। कथित पंचायत ने विक्रम कुमार और पांचाराम को समाज से बहिष्कृत कर उनका हुक्का-पानी बंद करने के आदेश दिए।
भीनमाल थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि इस मामले में पहले से पंचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हैं, पीड़ित पक्ष के थाने आने के बाद DSP शंकरलाल मंसूरिया जांच कर रहे हैं।
ये खबर भी पढ़ें…

जालोर में माली समाज के कथित 7 पंचों पर एक परिवार को समाज से बहिष्कृत करने और 31 लाख रुपए का जुर्माना लगाने का आरोप लगा है। लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर हुए इस विवाद में पीड़ित परिवार और उनकी मदद करने वालों को धमकियां दी गईं। पूरी खबर पढ़िए
