पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में अवैध लॉटरी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विक्रेता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से कुल 210 लॉटरी टिकट बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद हलीम हुसैन के रूप में हुई है। यह कार्रवाई नगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर मोड़ स्थित एक चाय दुकान पर की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर अवैध रूप से लॉटरी का कारोबार चल रहा है, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम गठित कर छापा मारा गया। जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी पाकुड़ एसडीपीओ दयानंद आजाद ने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक अखिलेश राम और आरक्षी गौतम कुमार व मनोज कुमार दास शामिल थे। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर चाय दुकान पर छापा मारा। मौके से मोहम्मद हलीम हुसैन को अवैध लॉटरी की खरीद-बिक्री करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से नागालैंड स्टेट के 110 टिकट, नागालैंड स्टेट डियर नर्मदा के 50 टिकट और सिक्किम स्टेट लॉटरी डियर रिवर के 50 टिकट समेत कुल 210 लॉटरी टिकट बरामद किए गए। स्रोत की जांच जारी, अभियान रहेगा जारी एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवैध लॉटरी टिकट कहां से लाए जा रहे थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध लॉटरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
Source link
