![]()
टीकमगढ़ में रविवार को भगवान परशुराम का प्राकट्य महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर महेंद्र सागर तालाब स्थित परशुराम मंदिर में सुबह से अभिषेक और पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर में अग्निहोत्री यज्ञ और महामृत्युंजय अनुष्ठान का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में आहुतियां डालीं। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। महेंद्र सागर तालाब स्थित मंदिर के अलावा, शहर की ब्राह्मण कॉलोनी स्थित जागेश्वर धाम मंदिर में भी भगवान परशुराम की प्रतिमा का अभिषेक और पूजन किया गया। नूतन विहार कॉलोनी के मंदिर में पिछले साल स्थापित अष्टधातु की प्रतिमा का भी कॉलोनीवासियों ने विधि-विधान से अभिषेक और पूजन कर आरती उतारी। भगवान परशुराम जन्म महोत्सव आयोजन समिति के सदस्य सौरभ शर्मा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। यह शोभायात्रा शाम 5 बजे शहर के प्राचीन नजर बाग मंदिर से शुरू होगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महेंद्र सागर तालाब स्थित प्रतिमा स्थल पर पहुंचेगी। यहां महाआरती के साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा। पंडित सुरेंद्र मोहन द्विवेदी ने बताया कि भगवान परशुराम का जन्म महोत्सव आज मनाया जा रहा है, जबकि अक्षय तृतीया पर्व सोमवार को मनाया जाएगा।
Source link
