यमुनानगर के रामपुरा कार मार्केट में ग्राहकों को लेकर दो दुकानदारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते करीब 10-15 युवक एक दुकान में घुस गए और दुकानदार के साथ हाथापाई की। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलते ही रामपुरा चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को चौकी ले जाया गया। वहां दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायतें दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कस्टमर को जबरदस्ती दुकान में ले जाने का आरोप शर्मा गार्डन निवासी मनप्रीत ने बताया कि उसके बेटे सुरेंद्र उर्फ मन्नी ने दो माह पहले ही रामपुरा मार्केट में “एमएस कस्टम” नाम से कार सजावट की दुकान खोली है। उनकी दुकान के साथ ही एक पुरानी कार महल के नाम से कार सजावट की दुकान है। मनप्रीत का आरोप है कि पड़ोसी दुकानदार ग्राहकों को उनकी दुकान तक आने नहीं देते। यदि कोई ग्राहक उनकी दुकान के सामने गाड़ी रोकता है तो उसे अपनी दुकान की ओर खींच लेते हैं। इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार बातचीत और पंचायत हो चुकी है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। दुकान में घुस 15 युवकों ने किया हमला मनप्रीत ने बताया कि रविवार को लेबर नहीं थी और उसका बेटा मन्नी दुकान पर अकेला था। इसी दौरान पड़ोसी दुकान से करीब 15 युवक आए और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड लेकर दुकान में घुसकर मन्नी को बुरी तरह पीटा और फरार हो गए। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई। मनप्रीत ने यह भी आरोप लगाया कि हमले के दौरान उसके बेटे का गला घोंटने की कोशिश की गई। उसके हाथ और आंख पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंची, तब तक पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले जा चुकी थी। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दूसरे पक्ष ने भी पुलिस चौकी में दी शिकायत वहीं, दूसरे पक्ष के दुकानदार राहुल का कहना है कि उनकी दुकान को यमुनानगर में 40 साल हो चुके हैं। घटना के समय एक ग्राहक उनकी दुकान के सामने रुका था, तभी मन्नी उसे अपनी ओर बुलाने लगा। इस पर उनके कर्मचारियों ने उसे ऐसा करने से रोका, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। राहुल के अनुसार, झगड़े में दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मन्नी बाजार का माहौल खराब कर रहा है और ग्राहकों को जबरन अपनी दुकान की ओर खींचता है। रामपुरा चौकी के जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि विवाद ग्राहकों को लेकर हुआ है और दुकान से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली गई है।
Source link
