गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में 02 मासूम बच्चियों के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। आरोपी ने टॉफी देने के बहाने दोनों बच्चियों को अपने कमरे में बुलाकर उनके कपड़े निकालकर अश्लील हरकत की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी की पहचान गोला थाना क्षेत्र के परसिया निवासी 28 साल के आकाश कुमार के रूप में हुई। अब जानिए पूरा मामला… संतकबीरनगर जिले की महिला शाहपुर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराये के मकान में परिवार के साथ रहती है। वह घरों में बर्तन-चौका कर जीविका चलाती हैं। उनके साथ उनकी भाभी और चार वर्षीय भतीजी भी रहती हैं। उसी मकान में गोला थाना क्षेत्र के परसिया निवासी 28 वर्षीय आकाश कुमार भी किराये पर रहकर मजदूरी करता है। रोते हुए भागी बच्ची, मां को बताई घटना आरोप है कि शनिवार रात करीब आठ बजे आकाश कुमार ने महिला की 07 वर्षीय बेटी और उसकी 04 वर्षीय भतीजी को टॉफी देने का लालच देकर अपने कमरे में बुला लिया। वहां उसने 07 वर्षीय बच्ची के कपड़े निकालकर उसके साथ अश्लील हरकत की। किसी तरह बच्ची रोते हुए अपनी मां के पास पहुंची और पूरी घटना बताई। इसके बाद मां अपनी भाभी के साथ 04 वर्षीय बच्ची की तलाश में आरोपी के कमरे में पहुंची। जहां आरोपी 04 साल की बच्ची के कपड़े निकालकर उसके साथ भी दुष्कर्म की कोशिश कर रहा था। दोनों महिलाओं को देख आरोपी उन्हें धक्का देकर पैंट पहनकर मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से दोनों बच्चियों का प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को देर रात हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। एक सप्ताह पहले मायके गई थी महिला
शादीशुदा आरोपी उसी मकान में किराए पर परिवार के साथ रहता था। उसकी 06 साल की एक बच्ची भी है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी करता था। पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि आरोपी हमेशा शांत रहता था इसलिए किसी को कभी शक नहीं हुआ। उसकी पत्नी भी यहीं रहती हैं। एक हफ्ते पहले उसने पत्नी और बच्ची को मायके भेज दिया। इसके बाद उसने बच्चियों को बुलाकर ऐसी हरकत की। इस संबंध में सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
