![]()
बांसवाड़ा जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 18 शारीरिक शिक्षकों (PTI) को बर्खास्त कर दिया गया। डिग्री मिसमैच होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी जयदीप पुरोहित ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इन शिक्षकों ने आवेदन के समय जो डिग्री दिखाई थी, वह बाद में जमा कराए गए दस्तावेज से मेल नहीं खा रही थी। मामला ग्रेड थर्ड पीटीआई भर्ती-2022 का है। निदेशालय से प्रदेश के कुल 35 PTI की लिस्ट आई थी। इसमें से 19 बांसवाड़ा के थे। 1 मामले की गहन जांच के लिए संयुक्त निदेशक उदयपुर को भेजा गया है। इन सभी शिक्षकों को अक्टूबर 2023 में पोस्टिंग मिली थी। जयदीप पुरोहित ने कहा- कर्मचारी चयन बोर्ड ने इन अभ्यर्थियों को अपनी बात रखने का एक मौका भी दिया था। बोर्ड की सुनवाई में संतोषजनक जवाब और सही दस्तावेज पेश नहीं करने पर बोर्ड ने इनकी पात्रता को गलत माना और शिक्षा निदेशक को इनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। जिले के अलग-अलग स्कूलों में कार्यरत थे शिक्षक पुरोहित ने बताया कि बर्खास्त किए गए शिक्षक जिले के अलग-अलग स्कूलों में तैनात थे। इनमें मुख्य रूप से सज्जनगढ़, गांगड़तलाई, बागीदौरा, आनंदपुरी क्षेत्र के स्कूल में तैनात थे। निदेशालय से शुक्रवार (17 अप्रैल) को आदेश मिलने के बाद 2 दिनों के भीतर सभी संबंधित स्कूलों के प्रिंसिपल्स को बुलाकर इन शिक्षकों की बर्खास्तगी के आदेश थमा दिए गए। मामले में कर्मचारी चयन बोर्ड के निर्देशों पर कार्रवाई की गई है। निदेशालय से सूची दी गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई। हाईकोर्ट के निर्देश पर बनाई थी जांच कमेटी पुरोहित ने बताया कि शुरुआती जांच में ही इन अभ्यर्थियों की डिग्री मिसमैच पाई गई थी, लेकिन ये अभ्यर्थी निदेशालय के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट चले गए। कोर्ट के निर्देशों पर 3 सदस्यीय कमेटी बनाई गई। इस कमेटी ने जांच की, जिसमें भी इन अभ्यर्थियों की डिग्री मिसमैच पाई गई। इसके बाद इन सभी के बर्खास्तगी के आदेश जारी किए गए। साल 2022 में निकली थी भर्ती बता दें कि साल 2022 में 5546 पदों पर पीटीआई की भर्ती निकाली गई थी। सफल अभ्यर्थियों की डिग्री और अन्य दस्तावेज का वेरिफिकेशन किया गया, जिसमें कई दस्तावेज फर्जी या मिसमैच पाए गए थे। इसके बाद एसओजी ने जांच के बाद 165 से ज्यादा अभ्यर्थियों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया था। इसमें पूर्व में 134 से ज्यादा शिक्षक बर्खास्त किए जा चुके हैं। ये खबर भी पढ़िए…
बिना ग्रेजुएशन किए 21 अभ्यर्थी PTI बने:SOG ने दर्ज की FIR, बीपीएड की डिग्री भी फर्जी निकली; पेपर लीक की भी हो रही जांच राजस्थान में हुई PTI भर्ती परीक्षा-2022 में चयनित हुए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की जांच में सामने आया है कि 21 अभ्यर्थियों ने फर्जी स्नातक और बीपीएड डिग्रियों के जरिए नौकरी हासिल की। पूरी खबर पढ़िए
Source link
