शिमला जिले के रामपुर में राज्य वित्त आयोग हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक नन्द लाल की अध्यक्षता में उपमंडल स्तरीय लोक शिकायत निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उपमंडल रामपुर से संबंधित जन समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। अध्यक्ष ने आम जनता से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में देलठ–नागाधर सड़क निर्माण, ननखरी महाविद्यालय भवन की प्रगति, स्मार्ट मीटर स्थापना और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तथा एसडीएम कार्यालय के समीप प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। नगर परिषद रामपुर में राष्ट्रीय उच्च मार्ग के साथ पैदल पथ निर्माण, स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी दूर करने, आयुर्वेदिक एवं पशु चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर साइनेज लगाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। इन मुद्दों को लेकर की चर्चा इसके अतिरिक्त, विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत, सीवरेज व्यवस्था, पेयजल योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और विद्युत आपूर्ति से जुड़े मुद्दों पर भी संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए गए। रामपुर महाविद्यालय के पुस्तकालय में पुस्तकों की संख्या बढ़ाने, नगर परिषद क्षेत्र में पार्किंग निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। वन विभाग से संबंधित मामलों, वन्यजीवों से होने वाले नुकसान के मुआवजे के त्वरित निपटारे तथा अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। गैरहाजिर अधिकारियों को लेकर जताई नाराजगी बैठक का संचालन उप मंडल अधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने किया। अध्यक्ष नन्द लाल ने निर्देश दिए कि बैठकों में केवल वही अधिकारी भाग लें जो निर्णय लेने में सक्षम हों और अपने विभाग से संबंधित विषयों की पूर्ण जानकारी रखते हों। उन्होंने कुछ विभागों के सक्षम अधिकारियों के बैठक में उपस्थित न होने पर नाराजगी व्यक्त की और अगली बैठक में ऐसे अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। ये अधिकारी बैठक में हुए शामिल अंत में, अध्यक्ष ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और अगली बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बैठक में उपमंडलीय पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, वनमण्डलाधिकारी गुरहर्ष सिंह, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग रणबीर नेगी, अधिशाषी अभियंता विद्युत विभाग कुकू शर्मा, सहायक नगर परियोजना अधिकारी प्रियंका नेगी, एसएमएस बागवानी संजय के. चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
