![]()
फलोदी कलेक्टर अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में वायु सेना और विभागीय अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई। ये बैठक नागरिक सुरक्षा के लिए 24 अप्रैल, शुक्रवार को होने वाली मॉक ड्रिल की तैयारियों के संबंध में थी। अधिकारियों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बेहतर समन्वय बनाए रखने और पूर्वाभ्यास करने के निर्देश दिए गए। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य सभी संबंधित एजेंसियों की तैयारियों का आकलन करना है। साथ ही, इसका लक्ष्य आमजन को आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों के बारे में जागरूक करना भी है। जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक, शिक्षण संस्थान और स्वयंसेवी संगठन इस अभ्यास में जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सशक्त बनाने में योगदान देने का आग्रह किया। कलेक्टर ने ये भी कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान घबराएं नहीं, बल्कि इसे आपात स्थिति में नागरिक सुरक्षा से संबंधित जानकारी सीखने के अवसर के रूप में उपयोग करें। उन्होंने निर्देश दिए कि ड्रिल के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्रित न करें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। कलेक्टर ने ब्लैक आउट और आपातकालीन सायरन की आवाज सुनते ही सभी निजी और सार्वजनिक संस्थानों, घरों की रोशनी, रोड लाइट और परिवहन साधनों द्वारा रोशनी बंद रखकर राष्ट्रीय सुरक्षा के इस अभ्यास में योगदान देने की भी अपील की। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण, वायु सेना से स्टेशन कमांडर संतोष यादव और एसडीएम पूजा चौधरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
