मुख्य बातें

केंदुआटांड़ की दोनों बंद जलमीनारों को जिला प्रशासन ने कराया चालू – Fatehpur News

केंदुआटांड़ की दोनों बंद जलमीनारों को जिला प्रशासन ने कराया चालू – Fatehpur News

भास्कर न्यूज|फतेहपुर फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र में पेयजल समस्या को लेकर उठी आवाज आखिरकार रंग लाई। अगैया सरमुंडी पंचायत के केंदुआटांड़ गांव में बंद पड़ी जलमीनारों की समस्या जब 21 अप्रैल के अंक में दैनिक भास्कर समाचार पत्र में प्रमुखता से प्रकाशित हुई, तो प्रशासन हरकत में आया और दोनों खराब जलमीनारों को चालू करा दिया गया। बता दें कि ऊपर टोला और मध्य टोला में पिछले कई महीनों से जलमीनारें बंद पड़ी थीं, जिससे करीब 110 घरों की 600 से अधिक आबादी को पेयजल के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। ग्रामीण महिलाएं रोजाना पानी के लिए भटकने को मजबूर थीं और कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। समाचार प्रकाशित होने के बाद पीएचडी विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खराब पड़े समरसेबल को ठीक कर पुनः स्थापित किया और जलमीनारों को चालू करा दिया। इसके साथ ही बंद पड़े कुछ चापाकलों की भी मरम्मत कराई गई, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली है। जलमीनार चालू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और खुशी जाहिर की। ग्रामीण महिला गीता देवी सहित अन्य लोगों ने कहा कि अब उन्हें पानी के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा। उन्होंने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि खबर छपने के बाद ही प्रशासन ने तेजी दिखाई। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रेम कुमार दास ने बताया कि पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए सभी खराब जल स्रोतों को जल्द से जल्द दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव में पेयजल संकट नहीं रहने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आगे भी जल स्रोतों का नियमित मेंटेनेंस किया जाए, ताकि इस तरह की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *