![]()
हिसार जिले के अग्रोहा धाम में वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में देश के विभिन्न शहरों—हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे, दिल्ली व उत्तर प्रदेश से आए प्रतिनिधियों ने भाग लेकर समाज और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बजरंग गर्ग ने सरकार से अग्रोहा में टैक्सटाइल हब और इंडस्ट्रीज जोन स्थापित करने की मांग की। महाराजा अग्रसेन की नीतियों को पहुंचाने का कार्य बैठक को संबोधित करते हुए बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धाम देश व प्रदेश में अपनी इकाइयों का लगातार विस्तार कर रहा है और महाराजा अग्रसेन जी की नीतियों व आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने अपने समय में समाजवाद की भावना को बढ़ावा देते हुए जरूरतमंदों को सहयोग देने और समाज को सशक्त बनाने का मार्ग दिखाया था, जिस पर अग्रवाल समाज आज भी चल रहा है। व्यापार और सामाजिक क्षेत्र में योगदान उन्होंने कहा कि वैश्य समाज ने न केवल देश बल्कि विदेशों में भी व्यापार व उद्योग जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है और भारत का नाम वैश्विक स्तर पर ऊंचा करने में अहम भूमिका निभाई है। समाज के लोगों ने मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, स्कूल, धर्मशालाएं, मंदिर व गौशालाओं के निर्माण के माध्यम से सामाजिक व धार्मिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। टैक्सटाइल हब और इंडस्ट्रीज जोन की मांग बजरंग गर्ग ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि अग्रोहा व हरियाणा के समग्र विकास के लिए यहां टैक्सटाइल हब और इंडस्ट्रीज जोन स्थापित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस दिशा में कदम उठाती है तो देशभर से वैश्य समाज के व्यापारी अग्रोहा में करोड़ों-अरबों रुपये का निवेश करने के लिए तैयार हैं, जिससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। सरकार से तुरंत ठोस कदम उठाने की अपील उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार को अग्रोहा के विकास की ओर गंभीरता से ध्यान देते हुए व्यापार व उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए तुरंत प्रभाव से ठोस कदम उठाने चाहिए।
Source link
