![]()
बुरहानपुर के धूलकोट क्षेत्र में भगवानिया बोरी गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक यात्री बस और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक 27 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दोनों युवक एक बारात में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ और पीछे से आ रहे अन्य बारातियों ने बस चालक की पकड़कर पिटाई कर दी। फिलहाल पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया है और बस चालक को भी मेडिकल के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मुंडियामाल से खामला जा रहे थे दोनों युवक पुलिस के अनुसार, मुंडियामाल निवासी अजय (27) पिता किशोर और किशोर (30) पिता रीछू अपनी बाइक से खामला जा रहे थे, जहां उन्हें एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होना था। इसी दौरान बुरहानपुर से बोरी-धूलकोट मार्ग पर चलने वाली बस (KA 34 A 7145) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में अजय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस से घायल को भेजा, धूलकोट रोड पर लगा जाम हादसे की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस के पायलट रोहित और ईएमटी कुंदन मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को प्राथमिक उपचार देकर बुरहानपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। इस बीच दुर्घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों और बारातियों ने बस चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। सड़क पर हंगामे और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण धूलकोट रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर धूलकोट चौकी प्रभारी कमल मोरे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मारपीट में चोटिल हुए बस चालक को मेडिकल जांच के लिए भेजा है और प्रकरण दर्ज कर लिया है।
Source link
