शामली डीएम आलोक यादव ने थाना भवन विकास खंड के अंतर्गत स्थित तीन गौशालाओं का निरीक्षण किया। इनमें अस्थाई गो आश्रय स्थल नौजल नोजली, वृहद गौशाला नौगांव पट्टी और अस्थाई गौशाला जलालाबाद देहात शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशुओं की देखभाल, स्वच्छता व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का गहन मूल्यांकन किया तथा कमियां मिलने पर सुधार के सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने गौशालाओं में गोवंश के स्वास्थ्य, चारे की गुणवत्ता और पानी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया। अस्थाई गो आश्रय स्थल नौजल नोजली के निरीक्षण के समय पशुधन प्रसार अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को संबंधित से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। नौजल नोजली में कुल 31 गोवंश मिले। गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने नौजल नोजली में उचित प्रबंधन और अतिरिक्त शेड बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद, उन्होंने वृहद गौशाला नौगांव पट्टी का निरीक्षण किया, जहां 239 गोवंश मौजूद थे। यहां भी सभी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद खंड विकास अधिकारी को अतिरिक्त शेड का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत, जिलाधिकारी ने अस्थाई गौशाला जलालाबाद देहात का दौरा किया। यहां उन्होंने गौ पूजन किया और गोमाता को गुड़, केला तथा आटे की लोई खिलाई। इस गौशाला में 93 गोवंश पाए गए। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को सभी गौशालाओं में आवश्यक कार्यों की एक चेकलिस्ट बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय एसडीएम शामली निधि भारद्वाज, तहसीलदार शामली मनोज कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, संबंधित खंड विकास अधिकारी और ग्राम सचिव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
