राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तरप्रदेश के दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (ANTF) और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। आरोपियों का नाम पुलिस ने इटावा निवासी विवेक पाल और गाजियाबाद निवासी मंजीत पांडेय बताया है। अब पढ़ें क्या है पूरा मामला रायपुर कमिश्नरेट के अधिकारियों के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन एक्सप्रेस-वे रोड स्थित पानी टंकी के पास दो युवक बैग में गांजा रखे हुए हैं और उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विवेक पाल (22) निवासी इटावा और मंजीत पांडेय (25) निवासी गाजियाबाद, उत्तरप्रदेश बताया। तलाशी लेने पर आरोपियों के बैग से कुल 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों पर नारकोटिक एक्ट के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है। गांजा लाने का ठिकाना तलाश रहे अफसर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। जल्द ही इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Source link
