राजधानी शिमला की न्यू शिमला पुलिस ने चोरी की एक ऐसी गुत्थी सुलझाई है, जिसके पीछे का तरीका जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने बीसीएस स्थित एक बॉटल स्टोर में हुई चोरी के मामले में दो शातिर चोरों को दबोचा है, जो गिरफ्तारी से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए महिलाओं का वेश धारण कर वारदातों को अंजाम देते थे। घटना 8-9 अप्रैल की मध्यरात्रि की है, जब न्यू शिमला के कंगनाधार निवासी दया राम के बॉटल स्टोर का शटर तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 35,000 रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। एक नाबालिग भी हिरासत में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक की पहचान 19 वर्षीय भीष्म सिंह के रूप में हुई है, जो जिला सिरमौर की उप-तहसील रोहनाट के गांव जसुई का निवासी है। भीष्म के साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है, जिसके खिलाफ कानून के मुताबिक अलग से कार्यवाही की जा रही है। सीसीटीवी मे मिली फुटेज तो पुलिस अधिकारी हैरान जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले। पुलिस टीम तब चौंक गई जब पता चला कि आरोपी वारदात के समय महिलाओं के कपड़े पहनते थे ताकि पुलिस उन्हें पहचान न सके और उन्हें पकड़ना मुश्किल हो जाए। पुलिस की तकनीकी सेल और साक्ष्य संकलन टीम के अथक प्रयासों के बाद दोनों को घेरेबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। एक नहीं, कई वारदातों में संलिप्त प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह जोड़ी केवल इसी एक मामले में नहीं, बल्कि 5 अप्रैल को न्यू शिमला थाने में दर्ज एक अन्य चोरी (अभियोग संख्या 20/2026) में भी शामिल थी। पुलिस अब इन दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन्होंने शहर में अन्य जगहों पर भी इसी ‘लेडी गेटअप’ में वारदातों को अंजाम दिया है। शिमला पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि अपराधियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए यह नया तरीका अपनाया था, लेकिन तकनीकी जांच और मुस्तैदी से उनकी असलियत सामने आ गई। आरोपियों से पूछताछ जारी है और कई अन्य मामलों के सुलझने की उम्मीद है। पुलिस की सतर्कता की सराहना इस गिरफ्तारी के बाद स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब उन दुकानों और स्थानों का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है जहाँ हाल के दिनों में संदिग्ध महिलाओं की आवाजाही देखी गई थी। भीष्म सिंह को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।
Source link
