फगवाड़ा के निगाहां मोहल्ला में दिनदहाड़े एक घर में चोरी की वारदात हुई है। चोर उस समय घर में घुसे जब परिवार के सभी सदस्य एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। चोरों ने घर से लाखों रुपए के गहने और नकदी चुरा ली। पीड़ित अभि ने बताया कि उनके पिता की रस्म पगड़ी थी, जिसके लिए पूरा परिवार मंदिर गया हुआ था। इसी दौरान, अभि का भाई बाइक की चाबी लेने घर लौटा तो उसने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि लाल शर्ट पहने एक व्यक्ति पैदल घर की ओर आता दिखाई दे रहा है। फुटेज में उसका चेहरा स्पष्ट रूप से दर्ज है। पीड़ित परिवार रस्म पगड़ी में शामिल होने गया था अभि के अनुसार, चोर घर से 3.25 लाख रुपए नकद और लगभग 6 लाख रुपए के गहने लेकर फरार हो गया। रविंदर पाल लक्की ने बताया कि उनके बड़े भाई के निधन के बाद मंदिर में रस्म पगड़ी का आयोजन किया गया था। सुबह लगभग 11:30 बजे पूरा परिवार रस्म में शामिल होने के लिए घर से निकला था, और इसी दौरान अज्ञात चोर ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद करने की अपील की है।एएसआई परमजीत सिंह ने बताया कि जांच के दौरान घर में अलमारी खुली मिली और सामान बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि परिवार रस्म पगड़ी में था और इसी दौरान 3.25 लाख रुपए नकद और गहने चोरी हुए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के बयान दर्ज कर मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
