पंचकूला के MDC एरिया हिट एंड रन केस में पुलिस ने आरोपी गाड़ी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फुटपाथ बैठे लोगों पर गाड़ी चढ़ाई थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई जबकि अन्य घायल हो गए थे। पुलिस ने बोलेरो गाड़ी बरामद कर ली है। पंचकूला पुलिस के अनुसार 1 मई की रात करीब 9:35 बजे, रोशनी नामक युवती अपने परिवार और पड़ोसियों के साथ मनसा देवी मार्केट से लौट रही थी। जब वे रोड भवन के पास अपनी साइड पर चल रहे थे, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार सफेद बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशनी व उसकी माता मीना, शिवानी, हितेंद्र, धनवंती और नन्ही अर्चना गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आरोपी चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से मीना की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बदल डाली गाड़ी बॉडी दुर्घटना के बाद उसने पकड़े जाने के डर से अपनी बोलेरो गाड़ी का फ्रंट बंपर, जाली और नंबर प्लेट बदलवा दी थी ताकि पुलिस उसे पहचान न सके। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और गुप्त सूचना के आधार पर 2 मई की देर रात आरोपी राम दत्त निवासी उत्तर प्रदेश हाल किराएदार महेशपुर, पंचकूला को जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राज कुमार द्वारा मनीमाजरा मोटर मार्केट से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 281 238 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Source link
