जिले के चिलवानी थाना क्षेत्र के देवरी गांव में रविवार दोपहर सरकारी जनगणना का काम कर रहे कोटवार मातादीन शाक्य पर गांव के ही कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से किए गए इस हमले में कोटवार बुरी तरह घायल हो गए हैं। दोपहर करीब एक बजे कोटवार मातादीन, पटवारी रोहित तोमर और दो शिक्षकों के साथ जनगणना के काम में जुटे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही छह लोग (रामनिवास, गिर्राज, नट्टू, सरनाम, गोपाल और वीरेंद्र सिंह यादव) वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कोटवार को जातिसूचक गालियां दीं और अचानक हथियारों से हमला बोल दिया। हमला इतना खौफनाक था कि टीम के बाकी सदस्य अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले। हालत गंभीर, ग्वालियर रेफर इस हमले में मातादीन के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद डायल 112 की मदद से उन्हें विजयपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया है। पुलिस ने दर्ज किया मामला चिलवानी पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों पर सरकारी काम में बाधा डालने (धारा 353, 332) और मारपीट के साथ-साथ SC-ST एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
Source link
