AI से फोटो बनाकर लड़का और दो व्यक्तियों को परिक्रमा में चप्पल पहने हुए दिखाया ।
अमृतसर के गोल्डन टेंपल से जुड़ी बेअदबी की AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की फोटो सामने आई है। इसमें तीन लोग- जिनमें से एक लड़का और दो व्यक्तियों को परिक्रमा में चप्पल पहने हुए दिखाया गया है।
.
इनके सिर पर रुमाला भी नहीं बंधा है। वह एक नई स्कूटी की चाबी हाथ में पकड़कर फोटो खिंचवा रहे हैं। फोटो ‘नंबरदार_बोटहाउस’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की गई। जिसके बाद लोगों ने इस पर आपत्ति जताई।
एक युवक ने कॉल कर व्यक्ति से सवाल किए तो उसने कहा कि हम इसे डिलीट कर देंगे। हम माफी मांगते हैं, अनजाने में हो गया। छोड़ दो, माफ कर दो। हालांकि ये पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले AI वीडियो बनाकर एक कंकाल को पगड़ी पहनाकर परिक्रमा में दिखाया गया था। वह लंगर हॉल में भी जूते समेत ही लंगर खाता नजर आ रहा था।
इससे पहले भी AI वीडियो बनाकर गाड़ी समेत एक युवक को परिक्रमा में दिखाया गया था। वहीं एक मुस्लिम युवक ने गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में थूककर रील बनाई थी।
SGPC के कानूनी सलाहकार अमनबीर सिंह स्याली ने कहा कि फोटो हमारे ध्यान में आया है। इस मामले की जांच SGPC की AI जांच कमेटी करेगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह फोटो AI से बनाकर नंबरदार_बोटहाउस नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की गई थी।
पढ़िए पूछने पर क्या बोला AI फोटो बनाने वाला…
जसपाल: वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह… वाहेगुरु जी, मैं तरनतारन से जसपाल सिंह बात कर रहा हूं। वाहेगुरु जी, मैंने आपके इंस्टाग्राम पर एक फोटो देखी है। मैं यह पूछना चाहता हूं कि किसी के धर्म का मजाक बनाना अच्छी बात है क्या?
व्यक्ति: बाबा जी, गलती से वह फोटो पोस्ट हो गई थी।
जसपाल: क्या यह कोई मजाक है जो पोस्ट हुई? आपके खिलाफ कार्रवाई होगी। जिस स्थान के लिए हम अपना सिर भी कटवाने को तैयार रहते हैं, उसे आपने मजाक समझ रखा है?
व्यक्ति: बाबा जी, हम मजाक क्यों करेंगे? हम भी सिख धर्म को मानते हैं। जसपाल: अगर मानते हो तो फिर ऐसा मजाक क्यों बनाया? AI से फोटो जो बनाई परिक्रमा में बिना सिर ढके एक्टिवा लेकर आ गए, क्या यह सही बात है? मैं पूछना चाहता हूं, क्या यह ठीक है?
व्यक्ति: बाबा जी, यह AI से बन गया। बाबा जी, गलती हो गई। हम इसे डिलीट कर देंगे। बाबा जी, हम माफी मांगते हैं, अनजाने में हो गया। बाबा जी, छोड़ दो, माफ कर दो।
जसपाल: तुम्हें सजा दिलवाएंगे।
व्यक्ति: जी, गलती हो गई है, माफ कर दो। इतना कहकर वह व्यक्ति फोन काट देता है।
दोबारा कॉल लगाकर पता पूछा
जसपाल: हेलो! व्यक्ति: हेलो!
जसपाल: हां जी बाबा जी, वाहेगुरु जी, आपका शहर कौन सा है और जिला कौन सा है? व्यक्ति: फिरोजपुर जिला, वीर जी।
जसपाल: फिरोजपुर जिला… और गांव? व्यक्ति: बाबा जी, हम आ जाते हैं, आप बताओ, हुक्म करो।
जसपाल: भाई साहब, हुक्म नहीं कर रहे। आप पहले गांव बताओ, फिर बात करेंगे। व्यक्ति: मेरा गांव ‘कालू राईं हिठाड़’ है।
जसपाल: यह फिरोजपुर के पास ही है जी? व्यक्ति: हां जी।
SGPC ने कहा- AI कमेटी जांच करेगी
उधर, इस मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने भी फोटो को लेकर जांच शुरू कर दी है। SGPC के कानूनी सलाहकार अमनबीर सिंह स्याली ने फोटो मंगवाते हुए कहा कि इसे देखकर फिर आगे फैसला लिया जाएगा।
अमनबीर ने कहा कि यह फोटो हमारे ध्यान में आया है। इस मामले की जांच एसजीपीसी की AI जांच कमेटी द्वारा की जाएगी। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गाड़ी समेत युवक को जूते पहने परिक्रमा में दिखाया

जूते पहने युवक पवित्र परिक्रमा में खड़ा, उसे लेने के लिए गाड़ी आई। यह वीडियो AI जनरेटेड है।
गोल्डन टेंपल की पवित्र परिक्रमा से जुड़े AI जनरेटेड 3 विवादित वीडियो सामने आए थे। पहले वीडियो में एक लड़का जूते पहनकर गोल्डन टेंपल की पवित्र परिक्रमा में खड़ा दिखाई देता है और फिर कार में बैठकर परिसर से बाहर जाता नजर आता है।
वहीं, दूसरे वीडियो में श्री दरबार साहिब का परिवर्तित दृश्य दिखाया गया है, जो सिख धर्म की मर्यादा के खिलाफ है। तीसरे वीडियो में कपल को गोल्डन टेंपल के सामने आपत्तिजनक हरकत करते हुए दिखाया गया है।
वीडियो सामने के आने के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन अमृतसर में 29 जनवरी को केस दर्ज किया गया था।
पवित्र सरोवर में कुल्ला करते हुए रील बनाई

सुब्हान रंगरीज 13 जनवरी को गोल्डन टेंपल आया था, इस दौरान उसने पवित्र सरोवर में कुल्ला करते हुए रील बनाई थी।
गोल्डन टेंपल में 13 जनवरी को युवक ने पवित्र सरोवर में कुल्ला करते हुए रील बनाई। वीडियो को ‘मुस्लिम शेर’ लिखकर सोशल मीडिया पर डाला गया था। इस पर SGPC ने कड़ी आपत्ति जताई थी।
24 जनवरी को यूपी के गाजियाबाद में निहंगों ने उसे पकड़ लिया था और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया था। युवक की पहचान सुब्हान रंगरीज के रूप में हुई थी, जो दिल्ली का रहने वाला था।
***********
ये खबर भी पढ़ें:
AI वीडियो में गोल्डन टेंपल में बेअदबी: कंकाल को पगड़ी पहना जूतों समेत परिक्रमा-लंगर हॉल में दिखाया; 7 लाख लोग देख चुके

अमृतसर के गोल्डन टेंपल से जुड़ा बेअदबी का AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) वीडियो सामने आया है। इसमें एक कंकाल को पगड़ी पहनाकर गोल्डन टेंपल की परिक्रमा में दिखाया गया है। उसे जूते भी पहनाए गए हैं। यही नहीं, वह लंगर हॉल में भी जूते समेत ही लंगर खाता नजर आ रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
