रांची सहित झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग ने 9 मई तक राज्यभर में आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। 4 मई को आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने के संकेत हैं। विभाग ने देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़ के साथ रांची, बोकारो, गुमला, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा और कोडरमा में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर मौसम में आए इस बदलाव के पीछे साइक्लोनिक सर्कुलेशन को मुख्य कारण माना जा रहा है। मई की शुरुआत से ही इसका असर राज्य के सभी जिलों में देखने को मिल रहा है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही 4 और 5 मई को राज्य के 17 जिलों में बादल छाए रहने और तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है। इस दौरान मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश भी हो सकती है। 4 और 5 मई के लिए विशेष अलर्ट जारी 4 मई को रांची, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, दुमका, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में तेज हवा के साथ हल्की बारिश और गरज के आसार हैं। वहीं 5 मई को रांची समेत खूंटी, हजारीबाग, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। इन दोनों दिनों के लिए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। कई जिलों में तापमान सामान्य से कम पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 33.6 मिमी वर्षा चाकुलिया में रिकॉर्ड की गई। रांची में भी शाम करीब 4:20 बजे मूसलाधार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई, जिसमें सिमडेगा में 6 मिमी, बोकारो में 4 मिमी और जमशेदपुर में 2 मिमी वर्षा हुई। तापमान की बात करें तो हजारीबाग में 33 डिग्री, रांची में 33.6 डिग्री, मेदिनीनगर में 38.5 डिग्री और बोकारो में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
Source link
