देश के तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत को लेकर रविवार को भाजपाइयों ने जोरदार जश्न मनाया। गयाजी शहर के टावर चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। जीत की खुशी में एक-दूसरे को झालमुड़ी और मिठाई खिलाकर बधाई दी गई। इस दौरान पूरा इलाका भाजपा के झंडों, नारों व उत्साह से गुलजार दिखा। सभी कार्यकर्ता सिर्फ और सिर्फ भाजपा की जीत पर चर्चा करते नजर आए। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। टावर चौक पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने इसे सिर्फ चुनावी जीत नहीं बल्कि भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के भरोसे की बड़ी जीत बताया। जीत की खुशी में कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की जगह अपने अंदाज में झालमुड़ी और मिठाई बांटते नजर आए। भाजपा की शानदार सफलता ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया युवा भाजपा के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की शानदार सफलता ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खासकर पश्चिम बंगाल के परिणाम ने भाजपा समर्थकों में नया उत्साह भरा है। उनके मुताबिक यह जीत उन कार्यकर्ताओं के संघर्ष का परिणाम है। कठिन परिस्थितियों में भी संगठन को मजबूत बल मिला है।
भाजपा के मीडिया प्रभारी रंजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा लगातार जनता का विश्वास जीत रही है। उन्होंने दावा किया कि यह परिणाम बताता है कि देश की जनता भाजपा की नीति, विकास और राष्ट्रवाद के एजेंडे के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ताओं की मेहनत व जनता के समर्थन ने पार्टी को बड़ी सफलता दिलाई है।
जश्न के बीच सुरक्षा भी व्यवस्था भी रही जश्न के दौरान टावर चौक पर सुरक्षा व्यवस्था भी बनी रही। राहगीर भी कुछ देर रुक कर इस राजनीतिक उत्साह को देखते रहे। कुल मिलाकर गयाजी में भाजपा की जीत का जश्न राजनीतिक संदेश के साथ शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा गया। जहां कार्यकर्ताओं ने साफ संकेत दिया कि राष्ट्रीय जीत का उत्साह अब स्थानीय स्तर पर भी संगठन को और धार देगा।
Source link
