देहरा नगर परिषद क्षेत्र के हनुमान चौक और पुराने बाजार सहित कई इलाकों में मंगलवार को बिजली विभाग ने अचानक छापेमारी की। विभाग की टीम को देखते ही दुकानदारों और स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान कई लोग अपने बिजली कनेक्शनों और मीटरों की जांच करते हुए अफरा-तफरी में इधर-उधर भागते दिखाई दिए। कृषि और घरेलू कनेक्शन के दुरुपयोग पर एक्शन एक्सियन इंजीनियर बालेश शर्मा ने बताया कि इस अभियान के दौरान विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले दो उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन मौके पर ही काट दिए। जांच में पाया गया कि एक व्यक्ति कृषि (एग्रीकल्चर) कनेक्शन का व्यावसायिक इस्तेमाल कर रहा था, जबकि दूसरा उपभोक्ता घरेलू कनेक्शन से कमर्शियल गतिविधियां चला रहा था। कार्रवाई की जद में आए नगर परिषद चुनाव के उम्मीदवार इस छापेमारी में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जिन दो लोगों के कनेक्शन काटे गए हैं, वे नगर परिषद देहरा के आगामी चुनाव में उम्मीदवार बताए जा रहे हैं। बिजली चोरी और दुरुपयोग के इस मामले ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है। चर्चा है कि यदि अवैध गतिविधियों की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो इन उम्मीदवारों के नामांकन रद्द होने का खतरा भी पैदा हो सकता है।
संदिग्ध कनेक्शनों की सूची तैयार, आगे भी होगी कार्रवाई विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह अभियान अभी खत्म नहीं हुआ है। बिजली विभाग ने क्षेत्र के कई अन्य संदिग्ध कनेक्शनों की सूची तैयार कर ली है और उनकी गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में कुछ और बड़े परिसरों पर भी छापेमारी की जा सकती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों को कड़ा संदेश नगर परिषद चुनावों से ठीक पहले बिजली विभाग के इस कड़े रुख से पूरे शहर में चर्चा का बाजार गर्म है। विभाग की इस कार्रवाई से उन लोगों में डर का माहौल है जो लंबे समय से बिजली चोरी या कनेक्शन के दुरुपयोग में संलिप्त थे। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि नियमों से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link
