श्रीगंगानगर में भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी और AEN के बीच मारपीट के विवाद ने तूल पकड़ लिया है।
.
राजस्थान अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (RUIDP) के एईएन जगनलाल बैरवा की रिपोर्ट पर एसपी हरीशंकर ने शाम करीब 6 बजे मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
इसके तहत बुधवार को जवाहर नगर थाना पुलिस ने राजकार्य में बाधा, SC/ST एक्ट व मारपीट करने सहित विभिन्न धाराओं में विधायक जयदीप बिहाणी, एईएन (पीएचडी) कृष्ण धारीवाल, विधायक के निजी सहायक मनीष गर्ग, पार्षद बंटी वाल्मीकि सहित 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
तस्वीर 30 अप्रैल की है। विधायक ने आरोप लगाया कि उन्हीं के विधायक सेवा केंद्र में एईएन समेत 3 अफसरों ने उनके साथ मारपीट की।
एईएन का आरोप- मुझे पहले धमकी दी, फिर ऑफिस बुलाकर पीटा पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में जगनलाल बैरवा (57) निवासी जीवाली, सवाईमाधोपुर ने आरोप लगाया कि विधायक जयदीप बिहाणी ने दिशा की मीटिंग में उन्हें धमकी दी थी कि तुझे मेरे (विधायक) ऑफिस में बुलाकर ऐसी तस्सली करवाऊंगा की तुम लोग याद रखोगे।
इसके बाद 30 अप्रैल को उनके पास एईएन (पीएचडी) शहर कृष्ण धारीवाल के सुबह से फोन आ रहे थे कि आज बाहर मत जाना, विधायक जयदीप बिहाणी मीटिंग के लिए जन सेवा केंद्र में बुलाएंगे।
सुबह 11 बजे एईएन कृष्ण धारीवाल का उनके (जगनलाल) के पास फोन आया कि एसडी बिहाणी कॉलेज में विधायक सेवा केंद्र में आ जाओ, विधायक बुला रहे हैं। इसके बाद धारीवाल में जयदीप बिहाणी से बात करवा दी। बिहाणी ने मुझसे कहा कि जल्दी विधायक सेवा केंद्र आओ।
इसके बाद मैं (जगनलाल) शहर में चल रहे प्रोजेक्ट कार्यों की फाइलें लेकर एलएनटी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज हुसैन और अभियंता सोहम परमार के साथ सुबह 11:30 बजे जन सेवा केंद्र पहुंच गया।
वहां पहुंचते ही विधायक ने मुझे थप्पड़- मुक्के मारने शुरू कर दिए। विधायक ने हाथ में पहने मोटे कड़े से उनकी आंख पर वार किया, जिससे आंख पूरी तरह चोटिल हो गई और बंद हो गई। अब एक आंख से दिखाई नहीं दे रहा है।

एईएन का आरोप है कि बिहाणी ने अपने विधायक सेवा केंद्र में उन्हें बुलाकर बेरहमी से पीटा।
555 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट में हिस्सा न देने का आरोप मौके पर मौजूद कृष्ण एईएन धारीवाल ने जातिसूचक गालियां निकाली। इसके बाद विधायक के समर्थकों ने उन्हें अंदर खींचकर बंधक बना लिया। लात-घूंसे, डंडे और पाइपों से मारपीट की गई। जगनलाल बैरवा व अन्य अधिकारियों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
शिकायत में नामजद समर्थकों में मनीष गर्ग, कृष्ण गोपाल, बंटी वाल्मीकि, जगदीश घोडेला, धर्मेंद्र सिहाग, सुनील नायक, संदीप शैरेवाला आदि शामिल हैं। आरोप है कि सभी ने मिलकर सरकारी दस्तावेज छीनकर नष्ट कर दिए और 555 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट में हिस्सा न देने का आरोप लगाया।
विधायक के कहने पर बदली गई खून वाली शर्ट घटना के दौरान परिवादी की सफेद शर्ट खून से लथपथ हो गई। विधायक के निर्देश पर दूसरी शर्ट मंगवाई गई और खून वाली शर्ट उतारकर फेंक दी गई। पूरे घटनाक्रम को जन सेवा केंद्र के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड बताया गया है।
FIR दर्ज, SC/ST एक्ट भी लगाया फिलहाल एसपी की रिपोर्ट पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एससी/एसटी प्रकरण अनुसंधान सैल के आरपीएस विष्णु खत्री कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि वे 36 सालों से सरकारी सेवा में हैं और कभी कोई आपराधिक मामला उनके विरुद्ध नहीं रहा।

तस्वीर 2 अप्रैल की है। मामले की जांच करने के लिए जांच टीम ने सर्किट हाउस में दोनों पक्षों से बातचीत की थी।
अब 3 पॉइंट्स में समझिए पूरा घटनाक्रम
विधायक की शिकायत पर एईएन समेत तीन गिरफ्तार हुए विवाद 30 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुआ था। विधायक जयदीप बिहाणी का आरोप था कि AEN समेत तीन अधिकारियों ने एसडी बिहाणी कॉलेज के विधायक सेवा केंद्र में उनके साथ मारपीट की। विधायक की शिकायत पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने तीनों अधिकारियों RUIDP के AEN जगनलाल बैरवा, प्रोजेक्ट मैनेजर शहनवाज और L&T कंपनी के प्लानिंग मैनेजर सोहम को गिरफ्तार किया था।
जमानत मिलने पर अफसर बोले- हमें लातें मारी, शर्ट फाड़ी अगले दिन शुक्रवार(1 अप्रैल) को तीनों को जमानत मिल गई थी। इसके बाद तीनों अधिकारियों ने जिला पारिषद में मीडिया से बात की। एईएन जगनलाल बैरवा ने कहा- विधायक ने मेरे लातें मारी और पाइप से पीटा। नई शर्ट पहनाकर पुलिस को सौंपा। वे फटी हुई बनियान पहनकर पहुंचे और अपनी आंख दिखाते हुए बताया कि उन्हें बुरी तरह से पीटा गया। इतना ही नहीं पुलिस को सौंपने से पहले नई शर्ट भी पहनवाई, ताकि ऐसा लगे कि कुछ हुआ ही नहीं है।
IAS कर रहे मामले की जांच विवाद की जांच के लिए राज्य सरकार ने हाई लेवल जांच कमेटी बनाई है। कमेटी का अध्यक्ष यूडीएच शासन सचिव(IAS) रवि जैन को बनाया गया है। कमेटी शुक्रवार(1 अप्रैल) की रात श्रीगंगानगर सर्किट हाउस पहुंची। शनिवार(2 अप्रैल) की सुबह दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद घटनाक्रम के तथ्यों को खंगाला था।
………………….
ये खबर भी पढ़िए… भाजपा विधायक को अधिकारियों ने पीटा:जयदीप बिहाणी बोले-मेरे चेहरे पर वार किए, लोगों ने कहा-MLA ने अफसरों को गाली दी, मारपीट की

श्रीगंगानगर से भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के साथ जनसुनवाई के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। विधायक का आरोप है कि AEN समेत तीन अधिकारियों ने उनके साथ मारपीट की। पूरी खबर पढ़िए
एईएन बोले-विधायक ने लातें मारी और पाइप से पीटा:समर्थकों ने जमीन पर पटका, कपड़े फाड़े; जमानत मिली तो पिता से गले लगकर रोई बेटी

श्रीगंगानगर में AEN और भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के बीच विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को राजस्थान अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट (RUIDP) के एईएन जगनलाल बैरवा ने कहा- विधायक ने मेरे लातें मारी और पाइप से पीटा। पूरी खबर पढ़िए
