चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 1 जुलाई से नोएडा के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। इससे चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला समेत पूरे ट्राईसिटी क्षेत्र की दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से हवाई कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से 15 जून से उड़ान संचालन शुरू किया जा रहा है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ को भी सीधे नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। चंडीगढ़ और नोएडा के बीच रोजाना दो सीधी फ्लाइट्स संचालित होंगी। इससे उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अब तक दिल्ली एयरपोर्ट उतरने के बाद बस, कैब या निजी वाहन से नोएडा जाना पड़ता था। नई सेवा शुरू होने से यात्रा का समय बचेगा और कारोबार व रोजगार गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सुबह की पहली फ्लाइट 6:15 बजे नोएडा से उड़ान भरकर 7:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में यह फ्लाइट सुबह 7:40 बजे चंडीगढ़ से रवाना होकर 8:45 बजे नोएडा पहुंचेगी। वहीं दूसरी फ्लाइट शाम 6:30 बजे नोएडा से उड़ान भरेगी और 7:35 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में यह फ्लाइट रात 7:55 बजे चंडीगढ़ से उड़ान भरकर रात 9 बजे नोएडा पहुंचेगी। दिल्ली एयरपोर्ट का एक बेहतर विकल्प नई उड़ानों से चंडीगढ़ के यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट का एक बेहतर विकल्प मिलेगा। खासतौर पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और पश्चिमी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही सड़क मार्ग पर निर्भरता कम होने और ट्रैफिक से राहत मिलने की संभावना है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दूसरे बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-एनसीआर के दूसरे बड़े एविएशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। फिलहाल इंडिगो चंडीगढ़ से अमृतसर, धर्मशाला, जयपुर, लखनऊ, दिल्ली, गोवा, मुंबई, पटना, श्रीनगर, अहमदाबाद और बेंगलुरु समेत 16 शहरों के लिए उड़ान सेवाएं संचालित कर रही है। एयरलाइन के अनुसार नई फ्लाइट्स की टिकट बुकिंग भी जल्द शुरू की जाएगी।
Source link
