जांजगीर-चांपा21 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE) शशांक सिंह।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में जल संसाधन विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE) और सरकारी ड्राइवर के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। इस ऑडियो में इंजीनियर शशांक सिंह ने ड्राइवर से गाली-गलौज कर मारने और दंतेवाड़ा ट्रांसफर करने की धमकी दी।
इंजीनियर ने कहा कि, मैं एसडीएम से डरता हूं क्या, तुमको दंतेवाड़ा भेजवा दूंगा, कलेक्टर चेंज होने दो। बोरिया बिस्तर बांध ले। मेरे किसी महिला कर्मचारी से ऐसी बात करेगा, तो सुनूंगा नहीं। ऑफिस में आकर मारूंगा। ड्राइवरों की यूनियन गिरी करवा रहा है।
दरअसल, विभाग की एक महिला कर्मचारी और ड्राइवर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर इंजीनियर ने ड्राइवर को फोन किया था। हालांकि, ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जांच के आदेश दिए हैं।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जांच के आदेश दिए हैं।
अब जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, यह मामला अकलतरा एसडीएम कार्यालय और जलसंसाधन विभाग के बीच कई साल से चले आ रहे प्रशासनिक विवाद से संबंधित बताया जा रहा है। साल 2022 में अकलतरा में नया एसडीएम कार्यालय शुरू हुआ था।
इसके बाद तत्कालीन एसडीएम ममता यादव की गाड़ी चलाने के लिए जलसंसाधन विभाग नरियरा से ड्राइवर शशिकांत साहू को अटैच किया गया था। ड्राइवर का वेतन जलसंसाधन विभाग से जारी होना तय हुआ था।
जानकारी के अनुसार, बाद में विभाग ने ड्राइवर को वापस बुलाने का दबाव बनाया, लेकिन ड्राइवर का कहना था कि उसे एसडीएम कार्यालय से विधिवत कार्यमुक्त किया जाए। इस खींचतान के कारण पिछले 5 महीने से ड्राइवर का वेतन रुका हुआ है।
महिला कर्मचारी और ड्राइवर के बीच हुआ था विवाद
इस बीच विभाग की एक महिला कर्मचारी और ड्राइवर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर इंजीनियर ने ड्राइवर को फोन किया। ड्राइवर का कहना है कि, उसने संबंधित महिला कर्मचारी से पहले ही माफी मांग ली थी, लेकिन फोन पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच फिर से विवाद बढ़ गया।
मैं एसडीएम से डरता हूं क्या, गाली-गलौज का ऑडियो वायरल
वायरल ऑडियो में एसडीएम का ड्राइवर बार-बार अपनी बात रखने की कोशिश करता सुनाई दे रहा है, जबकि दूसरी ओर से इंजीनियर शशांक सिंह ने गाली-गलौज कर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उसे ऑफिस में घुसकर मारने की धमकी दी।
इस वायरल ऑडियो में बातचीत के दौरान एसडीएम और बाकी अधिकारियों के लिए भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ है। इंजीनियर ने कहा कि, मैं एसडीएम से डरता हूं क्या। मार्केट में मेरे बारे में क्या बोलते हो मुझे सब पता है। मैं कुछ बोल नहीं रहा था। मेरे किसी महिला कर्मचारी से ऐसी बात करेगा, तो सुनूंगा नहीं।
तुमको दंतेवाड़ा भेजवा दूंगा, कलेक्टर चेंज होने दो
तुम्हारा वेतन रोक दिया, तो एसडीएम ने क्या कर लिया। कलेक्टर के कहने पर एक महीने का वेतन निकाला हूं। अभी चार महीने घुमाऊंगा। मुझे नेतागिरी नहीं दिखाना। मेरी गाड़ी चलाने दोबारा क्यों नहीं आया। आ जाता, तो रिलीव हो जाता। तुमको दंतेवाड़ा भेजवा दूंगा।
तुम्हारी रिकॉर्डिंग भी कलेक्टर को दिखाऊंगा। एक दो महीने कलेक्टर यहां है, जिस दिन कलेक्टर चेंज हुआ, उस दिन तुमको बताउंगा। इनके रहते अभी दंतेवाड़ा भेज दूंगा। बोरिया बिस्तर बांध ले। पता कर लेना मेरे बारे में।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने अपर कलेक्टर को पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
………………………………
इससे संबंधित यह खबर भी पढ़िए…
रसूखदार ने पुलिस को अंजाम भुगतने धमकी दी, VIDEO:रायपुर में नशे में कार ड्राइव करते पकड़ाया, बोला-मैं प्रदेश पदाधिकारी हूं, थोड़ा बहुत पिया हूं

पुलिस ने राजू मित्रा की गाड़ी जब्त कर ली है।
राजधानी रायपुर में नशे में कार ड्राइव कर रहे एक रसूखदार ने पुलिस को अंजाम भुगतने की धमकी दी है। 28 मार्च की रात पुलिस ने राजू मित्रा को नशे की हालत में कार चलाते हुए पकड़ा, तो राजू ने कहा कि मैं प्रदेश पदाधिकारी हूं, फिर भी आप लोग नहीं समझ रहे। उसका अंजाम यहीं भुगता कर रहूंगा। पढ़ें पूरी खबर…

