मैहर में पुलिस ने नाबालिग बेटी से अश्लील हरकत और जानलेवा हमला करने के आरोपी पिता को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार शाम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली
.
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार तड़के करीब 4 बजे की है। नाबालिग लड़की अपने घर के कमरे में सो रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। पीड़िता ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपी पिता ने कुल्हाड़ी से बेटी पर हमला कर दिया। इस हमले में नाबालिग के सिर पर गंभीर चोट आई।
मैहर पुलिस ने आरोपी पिता को कोर्ट में पेशी के बाद भेजा जेल।
बीच-बचाव करने में मां-बहन पर भी हमला
बेटी की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां और बहन बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे मां भी घायल हो गईं। तीनों किसी तरह जान बचाकर घर से भागीं और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचीं। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िताओं के बयान दर्ज किए।
रामनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 75(1), 115(2), 118(1), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 7, 8, 9(एच), 9(एन) एवं 10 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
