.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर CNG के रेट बढ़ने से जुड़ी रही। CNG की कीमत में 2 रुपए प्रति किलोग्राम तक बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए थे। अब गैस से चलने वाली गाड़ियों पर भी बोझ पड़ेगा।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. पेट्रोल-डीजल और दूध के बाद अब CNG महंगी
पंजाब और चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल और दूध के बाद अब कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के रेट भी बढ़ गए हैं। थिंक गैस ने CNG की कीमत में 2 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। वहीं इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने CNG के दाम में 1.25 रुपए की बढ़ोतरी की। नई दरें बीते कल से लागू हो चुकी हैं।
लुधियाना में थिंक गैस की CNG अब 88.75 रुपए प्रति किलोग्राम के हिसाब से मिल रही है। इससे पहले यहां CNG की कीमत 86.75 रुपए प्रति किलो थी। जबकि मोहाली में अडानी गैस ने सवा रुपए की बढ़ोतरी की। मोहाली में पहले रेट 93 रुपए थे, जो कि 94.25 रुपए हो गए हैं।
चंडीगढ़ में पहले IOCL की CNG का रेट 93 रुपए प्रति किलो था, जो बढ़कर अब 94.25 रुपए प्रति किलो हो गया है। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम में 3-3 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। जालंधर में अडानी टोटल गैस लिमिटेड ने CNG के रेट में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. प्रॉपर्टी डीलर नहर में कूदा, मरने से पहले वीडियो बनाया

लुधियाना में प्रॉपर्टी कारोबारी ने नीलों पुल से सरहिंद नहर में छलांग लगा दी। घटना से पहले कारोबारी ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के नामों का जिक्र किया है।
जानकारी के अनुसार, वह 15 मई को खाना खाने के बाद दुकान के लिए निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद उसके नंबर से बड़े भाई के वॉट्सऐप पर दो वीडियो आए। जिससे परिवार को पता चला।
नहर में कूदने के बाद कारोबारी लापता हो गया था। पुलिस और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी। इसके बाद पुलिस ने गांव गुरथली में आज सरहिंद नहर से उसका शव बरामद कर लिया है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. VVIP-अफसरों के काफिले की गाड़ियां होगी कम

पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) में बढ़ते तनाव और वैश्विक तेल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की है। इसका असर अब पंजाब में भी दिखना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में चंडीगढ़ में आगामी बुधवार को सभी सरकारी दफ्तरों के कर्मचारी बसों या साइकिल से ऑफिस आएंगे।
वहीं, अधिकारियों व वीवीआईपी के काफिलों में चलने वाले वाहनों की संख्या भी कम होगी। पंजाब के गवर्नर एवं चंडीगढ़ प्रशासक ने यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्होंने सिक्योरिटी विभाग को पत्र लिखा है, ताकि बाद में किसी तरह की दिक्कत न हो।
उन्होंने कहा कि मैंने तो पहले ही दिन सबको कह दिया था कि बुधवार के दिन हमारा कोई भी स्टाफ मेंबर अपनी सरकारी गाड़ी का उपयोग नहीं करेगा। चाहे वो साइकिल से आए, चाहे पैदल आए, चाहे जो बसें हमारी चलती हैं, उनसे आए। अगर उससे भी नहीं हो, तो उसका परिवार का कोई व्यक्ति उसे छोड़कर जाए। लेकिन एक प्रयास अगले बुधवार से हम कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
4. किन्नरों ने युवती को पीटा, जमीन पर गिरा जमकर लात-घूंसे मारे

चंडीगढ़ में क्लब के बाहर किन्नरों ने एक युवती की जमकर पिटाई कर दी। इसका VIDEO सामने आया है। इसमें किन्नर एक युवती को घसीटते हैं और फिर नीचे गिराकर मारपीट करते हुए नजर आते हैं। वह युवती को जमकर लात-घूंसे मार रहे हैं। इस दौरान वहां कुछ युवक भी खड़े हैं लेकिन किन्नरों की वजह से कोई बीच-बचाव नहीं करता।
हालांकि इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर झूठे दावे के साथ शेयर किया गया है। जिसमें कहा गया कि चंडीगढ़ के सेक्टर 26 के मशहूर क्लब के बाहर शराब के नशे में धुत लड़कियों के बीच फाइट हो रही है। दैनिक भास्कर की टीम सच्चाई जानने सेक्टर 26 पहुंची तो पता चला कि यह लड़ाई किन्नरों ने की थी।
यह वीडियो 2 दिन पुराना है। मौके से यह पता चला कि जिस लड़की के साथ मारपीट की गई, वह नशे में थी। उसने किन्नरों पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी, जिस वजह से उन्होंने युवती पर हमला कर दिया। पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. मंत्री अरोड़ा के बाद 2 अफसरों समेत 4 को समन

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद ED ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। सूत्रों के अनुसार, ईडी ने अब पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर बसंत गर्ग को तलब किया है। इसके अलावा 3 अन्य लोगों को भी सोमवार को पेश होने के आदेश दिए गए हैं।
इनमें पावरकॉम की डायरेक्टर (कमर्शियल) हरशरण कौर त्रेहन, 2 कारोबारी साझेदार हेमंत सूद और चंद्रशेखर शामिल हैं। यह मामला मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी एक निजी कंपनी को करोड़ों रुपए की बैंक गारंटी कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से वापस कर फायदा पहुंचाने से संबंधित है।
सोमवार को ही संजीव अरोड़ा की याचिका पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई होगी, जिसमें ईडी की ओर से जवाब दाखिल किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, इस नोटिस के बाद पावरकॉम इस मामले से संबंधित सभी फाइलें और रिकॉर्ड ईडी को सौंपने की तैयारी में है। अधिकारी मांगे गए दस्तावेज जांच एजेंसी के कार्यालय लेकर जाएंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
6. पुलिस कस्टडी से भागे कैदी की मौत का VIDEO सामने आया

होशियारपुर में पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश कर रहे कैदी की पुलिस मुठभेड़ में मौत का वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक पुलिसकर्मी ई-रिक्शा के अंदर बैठा है और कैदी को उसमें बैठाने की कोशिश कर रहा है। इसी दौरान कैदी अचानक पुलिसकर्मी से छूटकर भागने की कोशिश करता है।
वीडियो में वह पुलिसकर्मी पर चाकू से कई वार करता दिखाई देता है। हालांकि, पुलिसकर्मी कैदी के हाथ में बंधी हथकड़ी की चेन नहीं छोड़ता, जिससे कैदी उसे खींचते हुए ई-रिक्शा के बाहर ले आता है। बाहर आने के बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो जाती है।
वीडियो में दिख रहा है कि पुलिसकर्मी कैदी को डराने के लिए पिस्टल से फायर करता है, लेकिन कैदी उसकी पिस्टल छीनने की कोशिश करता है। इसी दौरान दोनों दीवार से टकराकर जमीन पर गिर जाते हैं और जमीन पर भी झड़प जारी रहती है। हाथापाई के बीच गोली चल जाती है, जिसके बाद कैदी गली में गिर जाता है। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग गली में बाहर आ जाते हैं। वहीं, ई-रिक्शा ड्राइवर वाहन लेकर मौके से निकल जाता है। कुछ लोग कैदी की मदद के लिए आगे आते हैं, लेकिन खून देखकर पीछे हट जाते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
7. गिरफ्तार लेडी SDM पहली पोस्टिंग में ही घोटाले में फंसी

तरनतारन पुलिस की तरफ से गुरदासपुर से गिरफ्तार SDM डॉ. अनुप्रीत कौर रंधावा की प्रोफेशनल से लेकर पर्सनल लाइफ विवादों में घिरी रही। 2012 में पंजाब सिविल सर्विस (PCS) एग्जाम क्लियर करने के बाद उसे पहली इंडिपेंडेंट पोस्टिंग तरनतारन के पट्टी में मिली।
वहीं उन पर 1.63 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप लगा। जिसमें शनिवार को उनकी गिरफ्तारी हुई। जिसके बाद देर शाम पट्टी कोर्ट में पेश कर उनका 20 मई तक का पुलिस रिमांड लिया गया है। DSP रविशेर सिंह ने इसकी पुष्टि की। डॉ. रंधावा पर आरोप है कि उनके कार्यकाल में जम्मू-राजस्थान हाईवे जमीन अधिग्रहण में 1.63 करोड़ रुपए का गबन हुआ। 5 खातों में ये पैसा डाला गया। इसमें एक खाता एसडीएम के भाई का होने का भी दावा है।
अमृतसर में जन्मीं डॉ. अनुप्रीत कौर ने MBBS की पढ़ाई की है। 2012 बैच की पंजाब सिविल सेवा (PCS) अधिकारी बनी। इसके बाद उसने नेशनल हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी बचित्र सिंह ढिल्लों से शादी की, लेकिन पर्सनल लाइफ भी विवादों में घिर गई। 8 महीने बाद ही अनुप्रीत ने पति पर दहेज उत्पीड़न-जान से मारने की कोशिश में FIR कराई। पति को इस मामले में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद दूसरा विवाद पहली पोस्टिंग पर NH-54 भूमि अधिग्रहण में मुआवजा घोटाला का जुड़ गया। (पढ़ें पूरी खबर)
8. बहन के प्रेमी की हत्या, एक्सीडेंट दिखाने की साजिश रची

लुधियाना में डेढ़ साल पुरानी लव स्टोरी का ऑनर किलिंग पर द एंड हो गया। युवती के परिवार ने पहले प्रेमी को समझाया, चेतावनी दी और मामला पंचायत तक भी पहुंचा। फिर भी दोनों का मिलना बंद न हुआ तो युवती की शादी कर दी। उसका प्रेमी वहां भी बात करने लगा तो युवती का तलाक हो गया।
युवती मायके लौट आई तो प्रेमी फिर उसे साथ बैठाकर ले गया। इससे गुस्साए युवती के सगे भाई ने दूसरे रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसके प्रेमी को किडनैप किया। फिर चलती कार में 12Km तक उससे मारपीट करते रहे। उसे गाड़ी में ही पीट-पीटकर मार डाला।
इसके बाद हत्या को हादसा दिखाने के लिए लाश को दीवार किनारे फेंका और मृतक की स्कूटी को भी दीवार से टकरा दिया। हालांकि उसके शरीर पर लगी चोटों से पुलिस को शक हुआ और हत्याकांड की पूरी कहानी सामने आ गई। अब पुलिस ने हत्या के मास्टरमाइंड युवती के सगे भाई को अरेस्ट कर लिया है, जबकि उसके दूसरे रिश्तेदारों की तलाश की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. क्लिनिक मालकिन को अधमरा कर ₹3 लाख कैश लूटा

मोहाली में आयुर्वेदिक क्लिनिक की मालकिन पर उनके ही घर में काम करने वाले नौकर ने बेलन से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गई। आरोपी जाते समय घर से लगभग 3 लाख 10 हजार रुपए कैश, 12 तोले सोना (22 लाख रुपए) लेकर भाग गया।
घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनके सिर में करीब 70 टांके लगे हैं। घटना के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी को वारदात के बाद भागते हुए भी देखा गया है।
पुलिस ने इस मामले में खरड़ सिटी थाने में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी की पहचान हीरा लाल उर्फ हैरी निवासी अररिया, बिहार के रूप में हुई है, जिसे 5 दिन पहले ही काम पर रखा गया था। वह पहले ढाबे पर काम करता था। ढाबे पर ही महिला की उससे मुलाकात हुई थी। उसने महिला से कहा था कि उसे ढाबे पर प्रताड़ित किया जाता है। इस पर महिला को उस पर दया आ गई थी। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके…
10. एक्टिवा-कार अड़ा गाड़ी रोकी, फैक्ट्री मालिक भागा तो दौड़ाकर पीटा

पटियाला में पूर्व सरपंच व टाइल फैक्ट्री मालिक पर दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में हमले का VIDEO सामने आया है। सरपंच अपनी कार से जा रहे थे, तभी हमलावरों ने एक्टिवा और हरियाणा नंबर की कार उनकी गाड़ी के आगे अड़ा दी। यह देख पूर्व सरपंच ने भागकर जान बचाने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उनके साथ मारपीट की।
पूर्व सरपंच की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। उनकी पत्नी का कहना है कि यह हमला पुश्तैनी व करोड़ों की जमीन से जुड़ा हुआ है। पटियाला के ही कुछ रसूखदार जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं, जिसका विरोध करने पर उनके पति पर हमला किया गया। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
यह पूरी घटना 2 दिन पहले की है। पूर्व सरपंच कर्मजीत सिंह किसी केस के सिलसिले में कोर्ट में पेशी के लिए गए थे। पेशी निपटाने के बाद घर लौटते वक्त जैसे ही वह पटियाला में 22 नंबर फाटक पर पहुंचे तो उन पर हमला हो गया। इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि पहले एक्टिवा और फिर कार अड़ाकर उनकी गाड़ी को रोका गया। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
