ग्वालियर के पनिहार थाना क्षेत्र स्थित रायपुरा पुलिया (नयापुरा) के पास रविवार शाम सड़क हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला अपने पोते के साथ बीमार बेटी का हालचाल जानने दतिया जा रही थी। इसी दौरान बाइक के हैंडल में अचानक बैग फंस गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। बीमार बेटी को देखने दतिया जा रही थीं बैजयंती देवी
नयापुरा (पनिहार) की रहने वाली बैजयंती देवी (80 वर्ष) की बेटी सावित्री दतिया में रहती हैं। बेटी पिछले कुछ दिनों से काफी बीमार थीं। अपनी लाडली बेटी का हालचाल जानने और उससे मिलने के लिए व्याकुल बुजुर्ग बैजयंती देवी रविवार को दतिया जाने के लिए घर से निकली थीं। हैंडल में अटका बैग और हो गया हादसा
बुजुर्ग दादी को दतिया की बस में बैठाने के लिए उनका पोता दीपक चौरसिया अपनी बाइक से उन्हें लेकर नाका चंद्रबदनी बस स्टैंड आ रहा था। बाइक अभी रायपुर पुलिया के पास पहुंची ही थी कि अचानक बाइक पर रखा एक बैग हैंडल में जाकर अटक गया। जब तक दीपक गाड़ी को संभाल पाता, तब तक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी एक कार से सीधे और बेहद जोरदार तरीके से टकरा गई। दादी की मौके पर मौत, पोता की हालत नाजुक
भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक से उछलकर सिर के बल सड़क पर गिरने के कारण बैजयंती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में उनका पोता दीपक चौरसिया भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे राहगीरों और पुलिस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पनिहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल दीपक को इलाज के लिए ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं, मृतिका के शव को मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए जेएएच (JAH) मर्चुरी भेज दिया गया है। इस घटना के बाद दतिया में बीमार बेटी और ग्वालियर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पनिहार थाना पुलिस का कहना है कि एक सड़क हादसा हुआ है। जिसमें बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है, जबकि मृतका का पोता घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ है।
Source link
