उत्तराखंड के ऋषिकेश में हरियाणा के दो पर्यटकों को आक्रोशित भीड़ ने बीच सड़क नंगा करके पीटा। युवकों पर आरोप लगाया गया कि वे कार में बैठकर एक नाबालिग लड़की को अश्लील इशारे कर रहे थे। घटना बुधवार शाम हरिद्वार रोड स्थित काली के ढाल की है।
.
बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की ने जैसे ही इसकी शिकायत आसपास मौजूद लोगों से की, वे भड़क गए। पहले दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। भीड़ ने सड़क पर कार रोक ली और उस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।
इसके बाद भीड़ ने युवकों को पहले वेन्यू कार के अंदर ही पीटा। फिर उनके कपड़े उतारकर बाहर खींच लिया। एक युवक को नग्न अवस्था में सड़क पर घुमाते हुए पीटा गया। आईडीपीएल चौकी पुलिस ने घायल पर्यटकों को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये वेन्यू कार कैथल में पूंडरी क्षेत्र के सतीश कुमार के नाम रजिस्टर्ड है। सतीश खेती-बाड़ी करता है। बताया जा रहा है बुधवार को वह अपने जानकार सतबीर के साथ उत्तराखंड घूमने निकला। दैनिक भास्कर एप ने उनसे संपर्क किया तो उन्होंने बाद में बात करेंगे, कहते हुए कॉल काट दी।
युवकों से मारपीट की तस्वीरें देखिए…
जब मुक्कों से भी कार से शीशे नहीं टूटे तो एक व्यक्ति ने पत्थर फेंक कार के शीशे तोड़े।

कार में दो युवक थे। एक युवक को पहले बाहर निकाला और फिर उसकी शर्ट उतारकर पीटा गया।

कार से शराब की बोतल मिली, भीड़ का आरोप है कि दोनों युवक नशे में थे।

कार के अंदर अंडरवियर में बैठे युवक को बाहर खींचती भीड़।
अब समझिए आखिर क्या था पूरा मामला मामला...
गलत इशारे करने पर भड़की भीड़, बहस करने लगे
ऋषिकेश के हरिद्वार रोड स्थित काली के ढाल पर बुधवार शाम वेन्यू गाड़ी (HR08AL9398) में सवार दो युवकों पर एक नाबालिग लड़की को अश्लील इशारे कर छेड़छाड़ करने का आरोप लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर आ रही कार पेट्रोल पंप के पास धीमी हुई थी। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद लड़की ने आरोप लगाया कि कार में बैठे युवक उसे देखकर अभद्र इशारे कर रहे थे।
लड़की ने जब आसपास मौजूद लोगों से इसकी शिकायत की तो मौके पर भीड़ जुटनी शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने कार सवार युवकों का विरोध किया, लेकिन युवकों ने आरोपों को गलत बताते हुए बहस शुरू कर दी। इसी दौरान माहौल बिगड़ गया और देखते ही देखते भीड़ ने कार को घेर लिया।

पूरे बवाल के दौरान एनएच पर जाम लग गया, करीब एक घंटे बाद पुलिस ने इस जाम को खुलवाया।
6 पॉइंट्स में जानिए VIDEOS में क्या दिख रहा
- कार के अंदर अर्धनग्न हालत में दिखा युवक: इस घटना के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनके अनुसार एक युवक पहले से ही अर्धनग्न अवस्था में कार के अंदर बैठा दिखाई दे रहा है। वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि भीड़ उसे पहले ही पीट चुकी थी। युवक डरा हुआ नजर आ रहा है और लगातार खुद को बचाने की कोशिश करता दिखाई देता है।
- दूसरा युवक सड़क किनारे सिर झुकाकर बैठा था: वीडियो में दूसरा युवक कार से उतरकर सड़क किनारे सिर नीचे करके बैठा दिखाई दे रहा है। उसके चेहरे और मुंह से खून बहता नजर आ रहा है। आसपास मौजूद लोग उसे घेरकर खड़े हैं और लगातार उस पर आरोप लगा रहे हैं।
- भीड़ ने युवक को कार से खींचकर नग्न किया: कुछ देर बाद कई लोग कार के अंदर बैठे युवक को जबरन बाहर खींच लेते हैं। इस दौरान उसके कपड़े और अंडरवियर तक उतार दिए जाते हैं। भीड़ गाली-गलौच करते हुए युवक को बीच सड़क पीटती दिखाई देती है। वीडियो में अफरा-तफरी और चीख-पुकार सुनाई दे रही है।
- वीडियो में लोग बोले- हरियाणा वालों के हौसले बढ़ गए: वीडियो बना रहे लोग और मौके पर मौजूद कुछ लोग युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग कहते नजर आते हैं कि “हरियाणा वालों के हौसले बहुत बढ़ गए हैं, इन्हें सजा मिलनी चाहिए।” इसी दौरान भीड़ लगातार युवकों के साथ मारपीट करती रही।
- सड़क किनारे बैठे युवक को दोबारा पीटा गया: मारपीट के बाद सड़क किनारे बैठे युवक के पास कुछ लोग फिर पहुंचे। वीडियो में दिख रहा है कि युवक बचने की कोशिश करता है, लेकिन भीड़ उसे दोबारा पीटना शुरू कर देती है। इस दौरान हाईवे पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो जाती है और ट्रैफिक भी प्रभावित होता दिखाई देता है।
- कार से शराब की बोतल मिलने पर और भड़की भीड़: वीडियो में कुछ लोग कार की तलाशी लेते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान कार के अंदर से शराब की एक बोतल मिलती है। इसके बाद भीड़ और ज्यादा आक्रोशित हो जाती है। कुछ लोग कार के शीशे पर मुक्के मारते हैं। शीशा नहीं टूटने पर शराब की बोतल से कांच तोड़ने की कोशिश की जाती है। बाद में एक व्यक्ति बड़ा पत्थर मारता है, जिससे कार का शीशा टूट जाता है।
—————–
ये खबर भी पढ़ें….
ऋषिकेश में टूरिस्ट-राफ्टिंग गाइड्स में मारपीट; VIDEO:काफी देर तक बरसते रहे लात-घूंसे और थप्पड़, पुलिस ने 5 लोगों की पहचान की

ऋषिकेश के तपोवन स्थित नीम बीच पर टूरिस्ट और स्थानीय राफ्टिंग गाइड्स आपस में भिड़ गए। दोनों गुटों के बीच काफी देर तक लात-घूंसे और थप्पड़ चलते रहे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। मुनिकीरेती पुलिस ने इसे संज्ञान लेते हुए पांच लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की है। (पढ़ें पूरी खबर)
