सुपौल जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान में बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्येक वर्ष अपने कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन करती है, ताकि नए और पुराने कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, नीति और संगठनात्मक संस्कारों से परिचित कराया जा सके। मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाला एक वैचारिक संगठन है। पार्टी का अपना स्पष्ट विचार, कार्य संस्कृति और मूल्य आधारित दृष्टिकोण है। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य इन्हीं मूल्यों और सिद्धांतों को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाना तथा उन्हें संगठन के प्रति अधिक जागरूक और समर्पित बनाना है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में नए कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ते हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं को पार्टी की कार्यशैली, विचारधारा और राष्ट्र निर्माण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को समझाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कौशल, सामाजिक दायित्व और जनसेवा की भावना से भी अवगत कराया जाता है। डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देती है। इसी कारण देशभर में बड़ी संख्या में लोग पार्टी की विचारधारा और कार्य संस्कृति से प्रभावित होकर जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करते हैं और प्रशिक्षण वर्ग उन्हें इस दिशा में और अधिक सक्षम बनाता है। कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों पर भी चर्चा की। प्रशिक्षण अभियान में विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित कर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया गया। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, पूर्व जिलाध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर, संतोष प्रधान, रामकुमार राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
