बुरहानपुर जिले में रविवार को चली तेज हवाओं से लोनी, हतनूर और नागुलखेड़ा सहित कई क्षेत्रों में केला फसल को भारी नुकसान हुआ है। बुरहानपुर तहसीलदार प्रवीण ओहरिया ने रात 9 बजे तक तीन गांवों से नुकसानी की सूचना मिलने की पुष्टि की है। रविवार दोपहर सवा दो बजे से ढाई बजे तक बारिश हुई, जिसके कुछ देर बाद तेज हवाएं चलने लगीं। इन हवाओं के कारण लोनी और हतनूर क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर फसलें प्रभावित हुई हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लोनी और हतनूर क्षेत्र में लगभग 50 एकड़ में लगी केला फसल को नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है। किसानों ने बताया कि तेज हवाएं करीब चार से पांच मिनट तक चलीं, जिससे फसलें गिर गईं। तहसीलदार प्रवीण ओहरिया ने बताया कि लोनी, हतनूर और नागुलखेड़ा सहित तीन गांवों से फसल नुकसानी की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन द्वारा सर्वे के बाद ही नुकसान की सही जानकारी सामने आएगी।
Source link
