जयपुर में रविवार रात चलती कार में धुआं उठने के बाद आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। पेट्रोल कार के अचानक बंद होकर गेट लॉक होने से उसमें दो दोस्त फंस गए। सांगानेर भाजपा मंडल अध्यक्ष ने लोगों की मदद से विंडो ग्लास तोड़कर दोनों दोस्तों को बाहर निकाल जान बचाई।
.
पुलिस ने बताया- मुहाना मोड़ पर रात करीब 9:30 बजे चलती कार में अचानक धुआं उठने लगा। अजमेर से जयपुर आ रही पेट्रोल कार अचानक बंद हो गई। कार रुकने के साथ ही गेट लॉक हो गए। कार में बैठा युवक जयपुर में पढ़ने वाले दोस्त को मालवीय नगर छोड़ने जा रहा था। दोनों दोस्त कार के अंदर फंस गए। बाहर निकलने की कोशिश करने के दौरान खाना खाने के बाद टहल रहे सांगानेर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने उन्हें देखा।
तुरंत स्थानीय लोगों के साथ मिलकर विंडो ग्लास तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। कार में आग लगने की सूचना पर मुहाना थाना पुलिस और फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रैफिक रुकवाकर फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से करीब 10 मिनट की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से कार पूरी तरह जलकर कबाड़ में बदल गई।
