मुख्य बातें

भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर जीरो पॉइंट पर जाएंगे अमित शाह: सांचू पोस्ट पर तैनात जवानों से करेंगे चर्चा; BSF हेडक्वार्टर पर लेंगे 5 जिलों के कलेक्टर की मीटिंग – Bikaner News

भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर जीरो पॉइंट पर जाएंगे अमित शाह:  सांचू पोस्ट पर तैनात जवानों से करेंगे चर्चा; BSF हेडक्वार्टर पर लेंगे 5 जिलों के कलेक्टर की मीटिंग – Bikaner News

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर तैनात जवानों से मुलाकात करेंगे। वे सुबह करीब 11 बजे बीकानेर में जीरो पॉइंट पर बनी बीएसएफ की सांचू पोस्ट पहुंचेंगे और वहां जवानों से बातचीत करेंगे। करीब डेढ़ घंटे जवानों के साथ बिताने के बाद अमित शाह वापस बीकानेर लौटेंगे। इस दौरान सीमा क्षेत्र के 5 जिलों के कलेक्टर और एसपी के साथ बॉर्डर पर बढ़ती तस्करी और राष्ट्र सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी बैठक होगी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वे बीकानेर पहुंचेंगे, जहां बीएसएफ सेक्टर हेडक्वार्टर में सीमावर्ती जिलों के कलेक्टरों और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री बीकानेर से सटे भारत-पाकिस्तान बॉर्डर से वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-2 की भी शुरुआत करेंगे। इसके तहत राजस्थान के बॉर्डर से लगे 184 गांवों को सड़क और 4G नेटवर्क से जोड़ने का काम शुरू किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। दरअसल, अमित शाह सोमवार रात करीब 10:30 बजे बीकानेर पहुंचे थे। वह दो दिन के दौरे पर सीमावर्ती क्षेत्रों के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने आए हैं। नाल एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, मंत्री सुमित गोदारा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास समेत कई नेताओं और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से अमित शाह सीधे बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया। मंगलवार को वह हेलिकॉप्टर से सांचू बीएसएफ बॉर्डर पोस्ट जाएंगे। यहां वे पौधारोपण कार्यक्रम, सैनिक सम्मेलन और जवानों के साथ बातचीत कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। सांचू पोस्ट से देखेंगे पाकिस्तानी इलाका अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वे 1965 और 1971 की भारत- पाकिस्तान जंग में निर्णायक रही सांचू पोस्ट पर जाएंगे। इस पोस्ट से पाकिस्तानी सरहद भी साफ नजर आती है और पाकिस्तानी इलाके को भी देखा जा सकता है। रेगिस्तान में झुलसा देने वाली भीषण गर्मी के बीच शाह इस पोस्ट पर तैनात जवानों से चर्चा करेंगे। साथ ही बॉर्डर पर चौकसी के लिए अत्याधुनिक मशीनरी व जरूरतों पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही शाह बीएसएफ के जवानों से उनकी समस्याओं पर भी बात करेंगे। शाह करीब साढ़े 12 बजे वापस बीकानेर के लिए रवाना होंगे। यहां बीएसएफ के हेड क्वार्टर पर दोपहर में पांच जिलों के कलेक्टर व एसपी के साथ मीटिंग होगी। इसमें बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, फलौदी और बाड़मेर के कलेक्टर और एसपी हिस्सा लेंगे। इनसे बॉर्डर पर बढ़ रही तस्करी सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी। इस मीटिंग में देश की सुरक्षा से जुड़ी कई एजेंसियों के वरिष्ठ अफसर भी मौजूद रहेंगे। इसी दौरान बॉर्डर के 184 गांवों के लिए वाइब्रेंट विलेज योजना भी शुरू की जाएगी। नशे और हथियार की तस्करी, सोशल नेटवर्क पर चर्चा शाह के दौरे में सबसे महत्वपूर्ण कलेक्टर और एसपी के साथ होने वाली बैठक है। इसमें भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर आए दिन होने वाली नशे और हथियार की तस्करी पर चर्चा होगी। देश के गृह सचिव, राजस्थान के मुख्य सचिव, बीएसएफ के डीजी सहित कई अफसर इसमें शामिल होंगे। इस दौरान तस्करी रोकने के उपायों के साथ ही सीमा से सटे गांवों में सोशल नेटवर्क बढ़ाने पर भी चर्चा होने की संभावना है। सुरक्षा एजेंसियां चाहती है कि गांवों के लोग बीएसएफ के साथ मिलकर काम करें, जिससे संदिग्ध लोगों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *