पटना के बाढ़ में गंगा में नाव पलटने से 2 लोगों की डूबने से मौत हो गई। जबकि 5 लापता बताए जा रहे हैं। 7 लोगों को बचा लिया गया है।
.
नाव पर करीब 14 लोग सवार थे। जिसमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे शामिल थे। हादसा बाढ़ के उमानाथ इलाके में हुआ है।
मृतकों की पहचान नीलम कुमारी (30) और काशी कुमार (15) के रूप में हुई है। घायलों में श्रवण कुमार, राहुल कुमार, ममता देवी, कबूतरी कुमारी और 16 साल की एक नाबालिग लड़की शामिल है। बाकी 3 की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
नाव पर सवार सभी लोग बाढ़ थाना क्षेत्र के मासूमगंज बिंद टोली के निवासी थे।
हादसे के बाद की कुछ तस्वीरें देखिए
हादसे के बाद नदी में डूबे लोगों को तलाशते गोताखोर।

हादसे के बाद आसपास के लोग नदी किनारे इकट्ठा हो गए।

रेस्क्यू के लिए SDRF वोट लेकर पहुंची है।

हादसे के बाद रोते-बिलखते परिजन।
तेज हवा और अधिक लोड का कारण पलटी नाव
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की सुबह 5:45 बजे बिंद टोली के 14 लोग नाव से समस्तीपुर जिला के सुल्तानपुर दियारा गए थे। बाढ़ से लोग अक्सर सब्जी तोड़ने और खेती के काम उस इलाके में जाते हैं।
वापस लौटने के दौरान तेज हवा और क्षमता से अधिक लोड के कारण नाव पलट गई। नाव पर बचाव के उपकरण भी नहीं थे।

अचानक डगमगाने लगी नाव, तेज धार में बहे लोग
नाव पर सवार लोगों ने बताया कि, जैसे ही नाव नदी की बीच धारा में पहुंची, डगमगाने लगी। हमलोग कुछ समझ पाते इतने में नाव नदी में डूब गई। धारा इतनी तेज थी कि कुछ सवारियां तो बह गईं, उन्हें बचाने तक का मौका नहीं मिला।
डूबते नाव को देखकर आसपास मौजूद मल्लाहों और स्थानीय गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगा दी और 7 लोगों को बचा लिया। इन सबको इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भेजा गया। 5 लोगों के रेस्क्यू के लिए SDRF की टीम लगी है।
—————–
ये खबर भी पढ़ें
बिहार के 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी:32 जिलों में 60kmph की रफ्तार से चलेगी हवा; तापमान 4 डिग्री तक गिरेगा

पटना समेत बिहार के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ-साथ रात में लोग गर्मी से परेशान हैं। 42.6 डिग्री के साथ कैमूर सबसे गर्म जिला रहा। जबकि औरंगाबाद का तापमान 40.6 डिग्री रहा। पूरी खबर पढ़ें
