मध्य प्रदेश के साथ ग्वालियर में भी कड़ाके की ठंड का असर देखा जा रहा है। शुक्रवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में इस गिरावट के कारण सुबह और शाम की ठंड बढ़ गई है।
.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान में और गिरावट आ सकती है, जबकि दिन के तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि आने वाले दिनों में हिमालय क्षेत्र से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
हिमालय क्षेत्र से आ रही ठंडी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने अंचल के तापमान को नीचे गिराया है। सुबह-शाम के साथ अब दिन में भी लोग ठंड से परेशान नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को दोपहर ढाई बजे तक तापमान 23.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शाम 5 बजे तक गिरकर 18.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
बढ़ती ठंड के कारण लोग अलाव तापते और अपनी गाड़ियों के शीशे चढ़ाकर सफर करते दिखे। रात होते-होते सड़कों पर सन्नाटा रहा।
