![]()
सीतापुर के थाना महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम खरझा इलाके में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 24 घंटे से लापता एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर नीम के पेड़ से लटकते शव पर पड़ी। देखते ही देखते खबर आसपास के गांवों में फैल गई। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताते हुए गांव के ही कमलेश और सोनू पर युवक की हत्या कर शव लटकाए जाने का आरोप लगाया। पहले 2 तस्वीरें देखिए… परिजनों का कहना है कि युवक बीते 24 घंटे से लापता था, जिसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अरविन्द (20 वर्ष) पुत्र कमलेश, निवासी ग्राम धुसे पुरवा मजरा गुलौली के रूप में हुई है। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि युवक की पहले हत्या की गई और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव, कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
Source link
