फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को शमसाबाद का दौरा किया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन 2.0 (शहरी) के अंतर्गत जल निगम शहरी द्वारा बनाए जा रहे सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। पहले 2 तस्वीरें देखिए… निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को बताया गया कि यह 5 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट है। शमसाबाद के दो नालों का पानी इस प्लांट में आएगा। परियोजना के तहत कुल 3.2 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी, जिसकी ड्राइंग तैयार हो चुकी है। पंपिंग स्टेशन का कार्य भी शुरू हो गया है। वर्तमान में कस्बे का डिस्चार्ज 4.8 एमएलडी है। जिलाधिकारी ने परियोजना का कार्य समय पर पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों को तुरंत मोटरेबल बनाया जाए और उन पर साइनेज लगाए जाएं। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
