हाउस टैक्स वसूली को लेकर आगरा नगर निगम सख्त हो गया है। सबसे पहले 50 हजार रुपये से अधिक के बकायेदार निशाने पर हैं। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने सभी राजस्व निरीक्षकों को 31 जनवरी तक 125 करोड़ रुपये के वार्षिक राजस्व वसूली लक्ष्य के सापेक्ष कम से कम 80% वसूली के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त ने कहा है-नगर निगम की वित्तीय मजबूती के लिए राजस्व वसूली अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी गंभीरता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
उनका कहना है-50 हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों पर विशेष फोकस किया जाए और उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लगातार नोटिस के बावजूद भुगतान न करने वाले बकायेदारों के खिलाफ कुर्की वारंट, बैंक खाते सीज करने जैसी सख़्त कार्रवाई की जाए। नगर आयुक्त ने वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए ताजगंज और लोहामंडी जोन में 40% से भी कम राजस्व वसूली पर नाराज़गी जताई है। इन दोनों जोनों में तत्काल वसूली अभियान तेज़ करने के निर्देश दिए। वहीं, हरीपर्वत और छत्ता जोन में 40% से अधिक वसूली होने पर संतोष व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने सभी राजस्वकर्मियों से लक्ष्यपूर्ति को प्राथमिकता देते हुए फील्ड में सक्रिय रहकर कार्य करने का आह्वान किया।
Source link
