यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र के मुस्तफाबाद इलाके में गांव सियालवा के पास आज रात पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर नोनी राणा के शूटर के बीच मुठभेड़ हो गई। अपराध शाखा को इनपुट मिला था कि नौनी गैंग से जुड़ा बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अपराध शाखा की टीम ने तत्काल इलाके में पहुंचकर रणनीतिक तरीके से घेराबंदी शुरू की। जैसे ही पुलिस टीम ने संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस अचानक हुई फायरिंग में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिस ने संयम बरतते हुए मोर्चा संभाला और बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। फांदने के प्रयास में टूटी टांगें मुठभेड़ के दौरान बदमाश मौके से भागने के लिए अंडरपास की दीवार फांदने लगा, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसकी दोनों टांगों में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। घायल अवस्था में ही पुलिस ने उसे काबू में ले लिया और तत्काल एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया। पकड़े गए बदमाश की पहचान अरुण पुत्र राजबीर, निवासी मोहल्ला खेड़ा, जगाधरी के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार अरुण कुख्यात नौनी गैंग से जुड़ा हुआ शूटर है और गैंग के लिए हथियारों की सप्लाई का भी काम करता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अरुण का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है और वह पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था और एक बार फिर सक्रिय होकर किसी बड़ी वारदात की तैयारी में था। पूछताछ में होगा खुलासा मुठभेड़ की सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी तरह की अफवाह न फैले। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आसपास के क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर दी और जिले की सीमाओं पर भी अलर्ट जारी किया गया। फरार बदमाश की तलाश में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस का यह भी कहना है कि बदमाश किस वारदात को अंजाम देने आए थे, इसका खुलासा घायल बदमाश से पूछताछ के बाद होगा।
Source link
