मुख्य बातें

पलामू के अवैध सिलेंडर गोदाम में विस्फोट, 4 घायल: लगातार हुए धमाके, दो घंटे बाद आग पर काबू, अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग का शक – Palamu News

पलामू के अवैध सिलेंडर गोदाम में विस्फोट, 4 घायल:  लगातार हुए धमाके, दो घंटे बाद आग पर काबू, अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग का शक – Palamu News

झारखंड में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत के बीच मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बैरिया चौक के पास रविवार दोपहर एक अवैध गैस गोदाम में सिलेंडर विस्फोट हो गया। एक के बाद एक कई धमाकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। विस्फोट के बाद गोदाम में आग लग गई और चारों ओर धुआं फैल गया। घटना के बाद बैरिया से सुदना रोड तक आवागमन कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। सूचना मिलते ही मेदिनीनगर सदर एसडीपीओ राजीव रंजन और शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। गैस की गंध के बाद हुए जोरदार धमाके स्थानीय लोगों के अनुसार बैरिया चौक स्थित उत्कर्ष फाइनेंशियल बैंक के नीचे अजय गुप्ता ने भूमिगत गैस गोदाम बना रखा था। बताया जा रहा है कि वहां काफी देर से गैस रिसाव हो रहा था और उसकी तेज गंध बाहर तक आ रही थी। रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक जोरदार धमाके शुरू हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीन से चार तेज धमाके हुए, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। विस्फोट के बाद गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायल लोगों को एमएमसीएच में कराया गया भर्ती विस्फोट के दौरान गोदाम के अंदर मौजूद चार लोग घायल हो गए। धमाकों के बाद वे किसी तरह बाहर निकले, लेकिन गंभीर रूप से झुलस चुके थे। आसपास के लोगों ने तुरंत विंध्याचल अस्पताल की एंबुलेंस की मदद से घायलों को मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। घायलों में धर्मेंद्र सिंह (पांडु मुसा), विक्रम कुमार सिंह (लातेहार गोवा), आलोक कुमार (कुटमू पांडू) और मुकेश कुमार (सुदना) शामिल हैं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जुट गए। गैस किल्लत के बीच अवैध भराई की आशंका पुलिस प्रारंभिक जांच में यह भी संभावना जता रही है कि झारखंड में चल रही गैस किल्लत के कारण गोदाम में अवैध रूप से सिलेंडरों में गैस भरने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में दबाव बढ़ने से विस्फोट हुआ होगा। घायल विक्रम कुमार सिंह ने बताया कि वे खाना बना रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हालांकि पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि यह गैस गोदाम अजय गुप्ता का है, जिसकी एजेंसी पांडु के कुटुमू में है। प्रशासन अब अवैध गैस भंडारण और सिलेंडर भराई की गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखने की बात कह रहा है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *