कोटखावदा थाना क्षेत्र के गांव बालमुकुंदपुरा (उर्फ बासड़ा) में पैसों के विवाद में दो गुटों के बीच हुई मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने गए एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबलिगों को निरुद्ध किया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। इलाज के दौरान हुई मौत डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि 12 मार्च को गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो रहा था। उसी दौरान खेत से लौट रहे 21 वर्षीय कैलाश मीना बीच-बचाव करने पहुंचे, जहां आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल कैलाश को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 15 मार्च को उनकी मौत हो गई। पिता की शिकायत पर मामला दर्ज मृतक के पिता गंगासहाय मीना ने 10-15 नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया था। बाद में युवक की मौत के बाद मामले को हत्या की धाराओं में परिवर्तित किया गया। धरने की चेतावनी के बीच पुलिस अलर्ट घटना के बाद समाज विशेष में आक्रोश फैल गया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना देने की चेतावनी दी गई। इसके चलते पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी। तकनीकी इनपुट से पुलिस को मिली सफलता डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि कोटखावदा थाना और साइबर सेल जयपुर दक्षिण की टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर दबिश दी। कार्रवाई में 2 आरोपी अशोक मीना (23), निवासी देहलाला और मनीष मीना (20), निवासी हीरापुरा गिरफ्तार किया। वहीं 4 बाल अपचारियों को डिटेन किया गया। आरोपियों से 2 मोटरसाइकिल जब्त की गई। डिटेन बाल अपचारियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है, जबकि गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है
Source link
