वॉशिंगटन डीसी/नई दिल्ली1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
भारत पर 50% टैरिफ लगाए जाने के बाद PM मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प के बीच फोन पर यह पहली बातचीत है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी को फोन पर सबसे पहले 75वें जन्मदिन की बधाई दी। PM मोदी ने मंगलवार रात 10:53 बजे बताया कि ट्रम्प ने उन्हें फोन किया। ट्रम्प ने रात 11:30 बजे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर PM मोदी से बातचीत की जानकारी दी।
ट्रम्प ने बताया, ‘अभी-अभी मेरे दोस्त, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बहुत अच्छी बातचीत हुई। मैंने उन्हें जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं! वे अद्भुत काम कर रहे हैं। नरेंद्र, रूस और यूक्रेन के बीच जंग खत्म करने में आपके सहयोग के लिए धन्यवाद।’
वहीं, PM मोदी ने X पर लिखा, ‘थैंक यू, मेरे दोस्त, प्रेसिडेंट ट्रम्प, मेरे 75वें जन्मदिन पर आपके फोन कॉल और बधाई के लिए धन्यवाद। आपकी तरह, मैं भी भारत-अमेरिका के बीच व्यापक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। हम यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में आपकी पहल का समर्थन करते हैं।

50% टैरिफ लगाने के बाद दोनों के बीच यह पहली बातचीत भारत पर अमेरिका की तरफ से 50% टैरिफ लगाए जाने के बाद मोदी और ट्रम्प के बीच यह पहली बातचीत है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 6 अगस्त को रूस से तेल खरीद पर जुर्माने के तौर पर भारत पर 25% टैरिफ का ऐलान किया था।
वहीं, व्यापार घाटे का हवाला देकर 7 अगस्त से भारत पर 25% टैरिफ लगा दिया था। इस तरह, अमेरिका निर्यात होने वाले भारतीय सामानों पर कुल टैरिफ 50% लगाया गया है। भारत पर 50% टैरिफ 27 अगस्त 2025 से लागू हुआ था।
पिछले 12 दिनों में ट्रम्प ने दो बार PM मोदी को अपना दोस्त कहा 1. 10 सितंबर ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, ‘मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भारत और अमेरिका दोनों देशों के बीच ट्रेड बैरियर को दूर करने के लिए बातचीत जारी है। आने वाले हफ्तों में मैं अपने बहुत अच्छे दोस्त, PM मोदी से बात के लिए उत्सुक हूं। मुझे पूरा विश्वास है कि दोनों महान देशों के लिए एक सफल नतीजे पर पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं आएगी।’
ट्रम्प के इस पोस्ट के करीब 5 घंटे बाद PM मोदी ने भी एक X पोस्ट में लिखा, ‘भारत और अमेरिका अच्छे दोस्त और नेचुरल पार्टनर हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारी ट्रेड नेगोशिएशन भारत-अमेरिका पार्टनरशिप के असीमित संभावनाओं को खोलने का रास्ता बना देगी।
2. 5 सितंबर ट्रम्प ने सुबह करीब 6 बजे ट्रुथ पर लिखा था, ‘ऐसा लगता है कि हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है। उम्मीद है उनका भविष्य अच्छा होगा।’ ट्रम्प शाम 6-7 बजे के बीच व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बातों से पलट गए। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा- ‘मैं हमेशा मोदी का दोस्त रहूंगा। भारत के साथ संबंधों को रीसेट करने के लिए हमेशा तैयार हूं।’
अगले दिन सुबह 9:45 बजे PM मोदी ने ट्रम्प के बयान को शेयर करते हुए X पर लिखा, ‘राष्ट्रपति ट्रम्प की भावनाओं और हमारे संबंधों को लेकर उनके विचारों की तहे दिल से सराहना करता हूं और उनका पूर्ण समर्थन करता हूं। उन्होंने कहा- भारत-अमेरिका के बीच एक पॉजिटिव और दूरदर्शी रणनीतिक साझेदारी है।’
………….
टैरिफ विवाद से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
यूरोप से बोला अमेरिका- भारत पर 100% टैरिफ लगाएं, वित्त मंत्री ने कहा- अपनी जिम्मेदारी निभाए यूरोप

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने यूरोपीय देशों से भारत और चीन पर 50% से 100% तक टैरिफ लगाने की अपील की है। यह बात उन्होंने सोमवार को ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में कही। बेसेंट ने कहा कि रूसी तेल खरीद रोकने के लिए अमेरिका तब तक एक्स्ट्रा टैरिफ नहीं लगाएगा, जब तक कि यूरोपीय देश चीन और भारत पर भारी टैरिफ नहीं लगाते। पूरी खबर पढ़ें…
भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील नवंबर तक होने की उम्मीद:पियूष गोयल बोले- चीजें जल्द ही पटरी पर लौटेंगी

ट्रम्प के भारत पर 50% टैरिफ लगाए जाने और दोनों देशों में बढ़ते तनाव के बीच केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील होने की उम्मीद जताई है। पियूष गोयल ने एक वैश्विक निवेशक सम्मेलन में कहा मुझे उम्मीद है कि चीजें जल्द ही पटरी पर लौट आएंगी और हम नवंबर तक बाइलेटरल ट्रेड एग्रीमेंट (BTA) को अंतिम रूप दे देंगे। पूरी खबर पढ़ें…
