बदायूं में एक युवक की मौत मारपीट से नहीं, बल्कि सड़क हादसे में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इसकी पुष्टि की है कि युवक की मृत्यु का कारण सिर में गंभीर चोट (हेडइंजरी) थी। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। यह घटना हजरतपुर थाना क्षेत्र के सैजनी-हजरतपुर रोड पर गुरुवार शाम को हुई थी। दो बाइकों की टक्कर में सुकटिया गांव निवासी 25 वर्षीय अजय की मौत हो गई थी। अजय उस समय बाजार से घर लौट रहा था। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार अनुज, उसके पिता जितेंद्र और परिवार के अन्य सदस्यों ने अजय को पीट-पीटकर मार डाला। परिजनों ने यह भी बताया कि अजय के बहनोई श्यामवीर और भाई पवन के साथ भी मारपीट की गई थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से हेडइंजरी को मौत का कारण बताया गया है। डॉक्टरों के पैनल को मृतक के शरीर पर मारपीट या चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।
Source link
