दंतेवाड़ा के जंगल में जुआ के बड़े नेटवर्क का मामला सामने आया है। दैनिक भास्कर के हाथ लगे एक वीडियो में घने जंगल के बीच तिरपाल बांधकर बड़े पैमाने पर जुआ खेलते लोग नजर आ रहे हैं। दावा है कि यहां हर दिन लाखों रुपए का दांव लगाया जा रहा है। यह खेल पिछले कई दिनों से लगातार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा खेल जिला मुख्यालय से बेहद करीब डेगलरास इलाके के आसपास संचालित हो रहा है। जेलबाड़ी मुख्य सड़क से एक कच्ची पगडंडी जंगल की ओर जाती है और उसी के अंदर यह जुआ का फड़ चलता है। दैनिक भास्कर के हाथ लगे इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि जंगल के बीच अस्थायी ढांचा तैयार कर बड़ी संख्या में लोग बैठकर जुआ खेल रहे हैं।
पड़ोसी जिले के भी पहुंचते हैं जुआरी
दैनिक भास्कर के सूत्रों के अनुसार दंतेवाड़ा के अलावा गीदम, बचेली समेत पड़ोसी जिले बीजापुर और सुकमा से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं। हर दिन दोपहर करीब 2 बजे से जुआ शुरू होता है और देर रात तक चलता है। रात में भीड़ अधिक होती है और बड़ा फड़ बैठता है।
हर दिन फड़ में करीब 10 लाख रुपए से ज्यादा का खेल चलता है। बुधवार, शनिवार और रविवार जैसे दिनों में यहां बड़े व्यापारी से लेकर पुलिस विभाग से जुड़े लोग भी जुआ खेलने पहुंचते हैं। बाकी दिनों के मुताबिक इसी दिन ज्यादा भीड़ रहती है।
ASP बोले- कार्रवाई करेंगे इस मामले में दंतेवाड़ा के ASP आरके बर्मन ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि यदि ऐसी कोई गतिविधि सामने आती है तो पुलिस कार्रवाई करेगी और अपराध को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर जांच की जाएगी।
पहले एकता परिसर में चलता था जुआ इससे पहले दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय में स्थित एकता परिसर में खुलेआम जुआ चलता था। दैनिक भास्कर डिजिटल ने पूरे सबूतों के साथ खबर चलाई थी। तब पुलिस थाना में हर महीने सेटिंग होने की बात भी सामने आई थी। खबर के बाद पुलिस हरकत में आई थी और जुआरियों पर कार्रवाई की गई थी।
इस जगह से कुछ दिनों तक जुआ बंद रहा था, लेकिन जब मामला शांत हुआ तो डेगलरास के जंगल में बड़ा फड़ बैठने लग गया।
Source link
