कमरौली पंचायत सरकार भवन में आयोजित ग्राम सभा
शिवहर जिले में जलाशय में डूबने और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव को लेकर प्रशासन द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देश पर सभी पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित की जा रही है।
.
इसी आलोक में कमरौली पंचायत सरकार भवन में गुरुवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता पंचायत के मुखिया आलोक कुमार ने की। इस मौके पर एसडीआरएफ टीम और मोटर वाहन निरीक्षक ने ग्रामीणों को दुर्घटनाओं से बचाव से संबंधित अहम जानकारी दी।
मुखिया आलोक कुमार ने बताया कि ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और ग्रामीण क्षेत्रों में संभावित जोखिमों की पहचान कर सामूहिक उपाय करना है। सभा में ग्रामीणों को जलाशय में डूबने की स्थिति और सड़क हादसों के समय त्वरित उपायों के बारे में जानकारी दी गई, ताकि क्षति को कम किया जा सके।
एसडीआरएफ और मोटर वाहन निरीक्षक ने बताया कि तेज गति से वाहन न चलाना, सीट बेल्ट और हेलमेट का प्रयोग करना, नशे में वाहन न चलाना और मोबाइल फोन का कम इस्तेमाल करना जैसे नियमों का पालन कर सड़क हादसों को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों और खतरनाक रास्तों की पहचान करने पर भी जोर दिया।
इस मौके पर पंचायत सचिव, पंचायती राज पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
