बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र के बगही देवराज गांव में शनिवार को एक JDU नेता और उनके दो बेटों पर ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। यह घटना तब हुई जब वे अपनी बेटी को मायके ले जाने पहुंचे थे। मारपीट में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. रामु कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। शराब के नशे में पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप घायलों की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के सबुनी गांव निवासी मो. नुरैन और उनके बेटे आशिफ अली तथा आजम अली के रूप में हुई है। मो. नुरैन जनता दल यूनाइटेड के जिला सचिव भी बताए जा रहे हैं। घायल आजम अली ने बताया कि उनकी बहन नाजिया परवीन की शादी करीब 14 वर्ष पहले बगही देवराज निवासी खबीरुद्दीन के बेटे ज्याउद्दीन से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही नाजिया के साथ मारपीट और गाली-गलौज की घटनाएं होने लगी थीं। ज्याउद्दीन पर शराब के नशे में पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप है। पति पिछले 10 सालों से दुबई में रह रहा था परिजनों के अनुसार, पिछले वर्ष ज्याउद्दीन के शराब न पीने को लेकर एक एकरारनामा भी तैयार कराया गया था। बताया जा रहा है कि ज्याउद्दीन पिछले लगभग 10 सालों से दुबई में रह रहा था। कुछ दिन पहले नाजिया परवीन के ससुर खबीरुद्दीन का निधन हो गया था, जिसके बाद वह ससुराल आई हुई थी। इसी दौरान फिर से विवाद और मारपीट की बात सामने आई। शनिवार को जब पिता मो. नुरैन और दोनों भाई नाजिया को वापस घर लाने पहुंचे, तभी विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हो गई। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
Source link
