कैथल में गुहला से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने भागल भूसला सड़क निर्माण में भारी अनियमितता के अधिकारियों पर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में विधायक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें वे सड़क निर्माण के बाद ग्रामीणों के बीच पहुंचे हैं और नई बनी सड़क की परत को अपने हाथों से उखाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। साथ ही अधिकारियों पर भी आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। विधायक ने अपने पर्सनल फेसबुक अकाउंट से वीडियो के साथ यह पोस्ट की है। हालांकि वीडियो दो दिन पहले का बताया जा रहा है, जो तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में ये लिखा विधायक ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि भागल-भूसला सड़क निर्माण में घटिया सामग्री की शिकायत मिलने पर उन्होंने मौके का निरीक्षण किया। सड़क की गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर बुलाया गया, लेकिन कोई अधिकारी जनता के बीच पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। कहा- सड़कों में खुलेआम धांधली की जा रही विधायक ने लिखा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार किस स्तर तक पहुंच चुका है, इसका यह ज्वलंत उदाहरण है। जनता के टैक्स के पैसों से बनने वाली सड़कों में खुलेआम धांधली की जा रही है और अधिकारी सरकार के संरक्षण में जनता की आवाज दबाने में लगे हैं। गांव भागल, भूसला व आसपास के ग्रामीणों में भारी रोष है। मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि जनता के हकों और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाया जाएगा। जब वीडियो के बारे में विधायक से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में लोगों ने उनके पास शिकायत की थी। वे मौके पर पहुंचे तो पाया कि सड़क निर्माण में अनियमितता बरती गई। खराब मैटीरियल का प्रयोग किया गया। ऐसे में उन्होंने वीडियो बनाकर पोस्ट की और जनता के लिए सड़क को सही तरीके से बनाने की मांग की।
Source link
