घर में रखे लोहे की छड़ को बेचकर युवक शराब पी गया। इसे लेकर उसे मां ने फटकार लगाई तो आक्रोशित बेटे ने उसपर पत्थर के लोढ़े से हमला कर दिया। घायल को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला सूरजपुर जिले के लटोरी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर जिले के ग्राम गजाधरपुर निवासी डिगम्बर प्रसाद ने 1. मई को घर में रखा छड़ बेचा और उससे मिले पैसों से शराब पी गया। इसे लेकर उसकी मां फलेन बाई (50 वर्ष) ने उसे फटकार लगाई। इससे भड़के डिगम्बर ने घर में रखे पत्थर के लोढ़े से मां फलेन बाई के सिर पर वार कर दिया। फलेन के सिर से खून निकलने लगा और वह बेहोश होकर गिर गई। इलाज के दौरान मौत
घर में मौजूद फलेन की पोती ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। फलेन को बेहोश देखकर उन्होंने काम करने गए छोटे बेटे नुमेश को सूचना दी। नुमेश वापस घर पहुंचा और निजी वाहन से फलेन बाई को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां सोमवार को इलाज के दौरान फलेन की मौत हो गई। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज किया। मृतका का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने बताया कि फलेन के पति ईश्वर प्रसाद की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने दोनों बेटों के साथ रहती थी। दिगम्बर काम नहीं करता था और अकसर शराब पीकर पड़ा रहता था। मां पर जानलेवा हमला करने की सूचना पर लटोरी पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी डिगम्बर प्रसाद को हिरासत में लिया है। अंबिकापुर से केस डायरी मिलने के बाद पुलिस मामले में हत्या का अपराध दर्ज करेगी।
Source link
