मुख्य बातें

कानपुर देहात अप्रैल से न्यूनतम मजदूरी दर लागू: अकुशल को 12,356, अर्द्धकुशल को 13,590; कुशल को 15,224 रुपए मिलेंगे – Kanpur Dehat News

कानपुर देहात अप्रैल से न्यूनतम मजदूरी दर लागू:  अकुशल को 12,356, अर्द्धकुशल को 13,590; कुशल को 15,224 रुपए मिलेंगे – Kanpur Dehat News

कानपुर देहात के रनियां स्थित कल्याण मंडपम में 12 मई 2026 को श्रमिक हितों और श्रम कानूनों के अनुपालन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कपिल सिंह और श्रद्धा नरेंद्र पांडेय सहित प्रशासनिक अधिकारी, उद्यमी और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी, समय पर वेतन, सुरक्षित कार्य वातावरण और अन्य वैधानिक सुविधाएं सुनिश्चित कराना था। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि श्रमिकों के हितों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कंपनियों को निर्देश दिए कि अप्रैल 2026 से लागू न्यूनतम मजदूरी दरों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए। बैठक में बताया गया कि अकुशल श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन 12,356 रुपये प्रतिमाह, अर्द्धकुशल श्रमिकों के लिए 13,590 रुपये प्रतिमाह, तथा कुशल श्रमिकों के लिए 15,224 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। डीएम ने निर्देश दिए कि इन मजदूरी दरों को प्रत्येक औद्योगिक इकाई के नोटिस बोर्ड पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए ताकि कर्मचारी अपने अधिकारों की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि ओवरटाइम कार्य का भुगतान नियमानुसार दोगुनी दर से किया जाए और कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश, सीएल (Casual Leave), ईएल (Earned Leave) तथा सार्वजनिक अवकाश जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। प्रशासन ने सभी कंपनियों को प्रत्येक माह की 7 तारीख तक कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन भेजने, वेतन पर्ची उपलब्ध कराने तथा ESIC और EPF कटौती का स्पष्ट विवरण देने के निर्देश भी दिए। श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने औद्योगिक क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रमिकों और प्रबंधन के बीच बेहतर संवाद और समन्वय औद्योगिक शांति के लिए जरूरी है। बैठक में शिकायत निवारण व्यवस्था पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने प्रत्येक औद्योगिक इकाई में शिकायत पेटिका लगाने और श्रमिकों की समस्याओं के निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए। साथ ही श्रमिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर 9984361936 और 7054835123 जारी किए गए। इस अवसर पर विधान जायसवाल, अमित कुमार, सहायक श्रमायुक्त रामआशीष, उद्योग उपायुक्त प्रभात यादव सहित कई अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *